पीएम ओली के बयान के बाद दिल्ली में नेपाल एम्बेसी के बाहर प्रदर्शन Politics by mpeditor - July 14, 20200 नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने बयान दिया था कि अयोध्या भारत में नहीं नेपाल में है। नेपाली पीएम के इस बयान के बाद दिल्ली में नेपाल एंबेसी के बाहर नेपाल के लोगों ने कल शाम प्रदर्शन किया। नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने दावा किया है कि अयोध्या भारत में नहीं नेपाल में है। उन्होंने यूपी में राम जन्मभूमि को नकली अयोध्या तक बताया और भगवान श्रीराम को नेपाली नागरिक करार दिया। नेपाली प्रधानमंत्री के इस बयान के बाद दिल्ली में नेपाल एंबेसी के बाहर नेपाल के लोगों ने कल शाम प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नेपाल सरकार से यह मांग की कि भारत हमेशा से नेपाल का मित्र रहा है और चीन हमेशा से दुश्मनी निभाता रहा है। भारत और नेपाल का रिश्ता ऐतिहासिक रहा है। नेपाल के हर सुख-दुख में भारत सरकार हमेशा खड़ी रही है। इस बात को नेपाल के राजनेता भले ही भूल गये हो, लेकिन वहां की जनता इस बात को अच्छे तरीके से जानती है। नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली (फ़ाइल फ़ोटो) क्या था वह विवादित बयान दरअसल, नेपाल के आदिकवि भानुभक्त की जयन्ती पर आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुए पीएम ओपी शर्मा ओली ने कहा कि ये बात सच है कि सीता जी की शादी राम से हुई थी लेकिन वो राम हिंदुस्तान के नहीं बल्कि नेपाल के थे। प्रमाण के लिए ओली ने उनका नेपाली पता ठिकाना भी बता दिया। माना जा रहा है कि कुर्सी बचाने की लड़ाई में उलझे नेपाली पीएम केपी शर्मा ओली हिंदुस्तान के खिलाफ नेपाली भावनाएं भड़काने में लगे हैं। वो चीन की हां में हां मिला रहे हैं और भारत के साथ विवाद के नए-नए मोर्चे खोल रहे हैं। लेकिन जो मोर्चा उन्होंने अयोध्या और श्रीराम के नाम पर भारत के खिलाफ खोला है उसे सिर्फ दिमागी फितूर ही कहा जा सकता है। इससे पहले नेपाली पीएम केपी शर्मा ओली उत्तराखंड के कालापानी पर दावा जता चुके हैं। इतना ही नहीं उन्होंने नेपाली संसद में नया नक्शा पास करवाकर कालापानी को नेपाल का हिस्सा भी बता दिया था। इसके बाद ओली बिहार में उलझ गए और अब ऐतिहासिक तथ्यों की झुठलाने की कोशिश कर रहे हैं।