मुकेश अम्बानी अब दुनिया के छठवें सबसे रईस व्यक्ति business by mpeditor - July 14, 2020July 14, 20200 गूगल के को-फाउंडर लैरी पेज समेत कई लोगों को पीछे छोड़ा रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी अब दुनिया के छठवें सबसे अमीर शख्स बन गए हैं। ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स के ताजा आंकड़े के मुताबिक उन्होंने अब गूगल के को-फाउंडर लैरी पेज को भी पीछे छोड़ दिया है। मुकेश अंबानी की कुल संपत्ति अब 72.4 अरब डॉलर हो गई है। इससे पहले जून में मुकेश अंबानी ने दुनिया के शीर्ष 10 अमीर व्यक्तियों की सूची में शामिल हुए थे। सोमवार को उन्होंने हैथवे बर्कशायर के वॉरेन बफे का स्थान लिया था, जो कि 7वें पायदान पर थे। मुकेश अंबानी पूरे एशिया महाद्वीप से इकलौते ऐसे व्यक्ति हैं, जो दुनिया के शीर्ष 10 अमीरों की सूची में शामिल हैं। मुकेश अंबानी (फ़ाइल फ़ोटो) कैसे बढ़ी संपत्ति? रिलायंस इंडस्ट्रीज चेयरमैन की संपत्ति में बढ़ोतरी का कारण रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में लगातार इजाफा रहा है। मार्च के बाद से अब तक रिलायंस के शेयरों में दोगुनी बढ़ोतरी हुई है। दरअसल, हाल ही में रिलायंस की टेक्नोलॉजी इकाई जियो प्लेटफॉर्म्स ने कई वैश्विक कंपनियों के साथ डील का ऐलान किया है, जिसमें फेसबुक भी शामिल है। इसके बाद से ही रिलायंस के शेयरों में तेजी देखने को मिल रही है। तीन महीने में रिलायंस जियो में 12 विदेशी कंपनियां निवेश कर चुकी हैं। फेसबुक, सिल्वर लेक पार्टनर्स, जनरल अटलांटिक, मुबाडाला, सिल्वर लेक समेत कई कंपनियों ने जियो में निवेश किया है। रिलायंस ने जियो प्लेटफॉर्म्स की हिस्सेदारी बिक्री से 117,588.45 करोड़ रुपये जुटाए हैं। आरआईएल को अब तक जियो प्लेटफॉर्म्स की 25.09 हिस्सेदारी के लिए निवेश मिल चुका है।