You are here
Home > Uncategorized > “अपना बूथ करें मजबूत” पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने नीमच और जावद विधानसभा के कार्यकर्ताओं को दी सीख

“अपना बूथ करें मजबूत” पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने नीमच और जावद विधानसभा के कार्यकर्ताओं को दी सीख

कांग्रेस ने पंचायतों को जो अधिकार दिए वह सभी अधिकार भाजपा सरकार ने वापस ले लिए – दिग्विजय

भोपाल/ नीमच – मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह कांग्रेस संगठन मजबूत करने नीमच जिले की नीमच विधानसभा और जावद विधानसभा क्षेत्र पहुंचे। वे सबसे पहले जावद विधानसभा क्षेत्र के मंडल सेक्टर अध्यक्षों की बैठक में शामिल हुए। पूर्व सीएम ने मंडल सेक्टर अध्यक्षों से सुझाव मांगे, जिसमें ज्यादातर कार्यकर्ताओं ने बताया कि जावद विधानसभा क्षेत्र के 2 बड़े स्थानीय नेताओं के आपसी मतभेद की वजह से पार्टी को हार का सामना करना पड़ता है। वरना जावद में कांग्रेस कमजोर नहीं है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि इन नेताओं से निर्दलीय नहीं लड़ने की कसम खिलवाना चाहिए। उसके बाद पूर्व सीएम ने बैठक में शामिल जावद विधानसभा क्षेत्र के दोनों नेता सत्यनारायण पाटीदार और राजकुमार अहीर को मंच पर आकर घोषणा करने के लिए कहा कि पार्टी का प्रत्याशी कोई भी हो वे पार्टी के खिलाफ काम नहीं करेंगे। उसके बाद दोनों नेताओं ने विश्वास दिलाते हुए मंच से संकल्प लिया कि प्रत्याशी कोई भी हो निर्दलीय चुनाव नहीं लड़ेंगे और पार्टी के पक्ष में काम करेंगे। दिग्विजय सिंह जी के नेताओं के बीच इस तरह सीधे समन्वय बनाने के प्रयास से कार्यकर्ता खासे उत्साहित नजर आए।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने जावद विधानसभा क्षेत्र के समस्त कार्यकर्ताओं की बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा और कांग्रेस के शासनकाल का अंतर समझाते हुए उनके मुख्यमंत्रित्व काल में जनपद अध्यक्ष रहे नेताओं को मंच पर आने के लिए कहा। तब उस वक्त जनपद अध्यक्ष रहे भंवर लाल जी बाडोलिया और जनपद उपाध्यक्ष रहे अशोक जी पाटीदार मंच पर पहुंचे। पूर्व सीएम ने भरी सभा में उनसे पूछा कि आपने अपने जनपद के कार्यकाल के दौरान कितने शिक्षक कर्मी भर्ती किए तो उन्होंने बताया कि 800 शिक्षाकर्मी उस दौरान भर्ती किए गए। उसके बाद उन्होंने सभा में उपस्थित कार्यकर्ताओं से पूछा क्या बीजेपी सरकार के समय किसी जनपद अध्यक्ष ने अपने क्षेत्र में शिक्षा कर्मियों की नियुक्ति की? सभी ने कहा नहीं की। उन्होंने कहा यही भाजपा और कांग्रेस के शासनकाल में अंतर है। कांग्रेस ने पंचायतों को जो अधिकार दिए वह सभी अधिकार भाजपा सरकार ने वापस ले लिए। उन्होंने कहा इसलिए उन सभी अधिकारों को दोबारा प्राप्त करने के लिए कार्यकर्ता एक जुट होकर बूथ पर काम करें, कांग्रेस को जिताएं और सरकार बनवाने में अपनी भूमिका अदा करें। बाद में पूर्व सीएम ने पीछे बैठकर कार्यकर्ताओं के सुझाव सुनें।

दोपहर बाद पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह नीमच विधानसभा क्षेत्र के मंडलम सेक्टर अध्यक्ष की बैठक में शामिल हुए उन्होंने सभी से कहा एकजुटता और समन्वय के साथ काम करो, सबको साथ लेकर चलो। आपसी मनमुटाव आपस में बैठकर खत्म करो। पूर्व सीएम ने मंडल सेक्टर अध्यक्षों से अपने-अपने क्षेत्रों में बैठक करने के लिए कहा और उनसे कहा कि बूथ स्तर पर सभी वर्गों को जोड़ो, महिलाओं की ज्यादा से ज्यादा भागीदारी सुनिश्चित करो, तब जाकर हर तरह से संगठन मजबूत होगा। मंडल सेक्टर अध्यक्षों की बैठक में संवाद के दौरान एक कार्यकर्ता ने कहा कि हमारी पार्टी में अभी भी बहुत सारे ज्योतिरादित्य सिंधिया हैं इन्हें ढूंढ कर बाहर करिए तब जाकर पार्टी खड़ी होगी, इस बात पर कार्यकर्ताओं से भरा हॉल तालियों से गूंज गया।

पूर्व मुख्यमंत्री जावद विधानसभा क्षेत्र के समस्त कार्यकर्ताओं की बैठक में शामिल हुए और हमेशा की तरह महिला कार्यकर्ताओं को मंच पर आमंत्रित किया ऑडिटोरियम में सबसे पीछे बैठकर कार्यकर्ताओं के सुझाव धैर्य के साथ सुने और उनके साथ परस्पर संवाद किया।

जावद और नीमच विधानसभा क्षेत्र की बैठकों में वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्व सांसद रामेश्वर नीखरा, पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन, जिला प्रभारी नूरी खान, जिला अध्यक्ष अनिल चौरसिया, पूर्व मंत्री नरेंद्र नहाटा, पूर्व विधायक नंद किशोर पटेल, पूर्व विधायक डॉक्टर संपत स्वरूप जाजू, सत्यनारायण पाटीदार, राजकुमार अहीर, तरुण बाहेती एवं उमराव सिंह गुर्जर सहित अन्य कांग्रेस जन उपस्थित थे।

Top