You are here
Home > Uncategorized > कर्नाटक की जीत ने दिखा दिया है कि जनता सच्चाई का साथ देती है

कर्नाटक की जीत ने दिखा दिया है कि जनता सच्चाई का साथ देती है

कांग्रेसी कर्नाटक में जीत पर पीसीसी में जश्न, दिग्विजय ने कहा अब हमारे यहां कोई सिंधिया नहीं

भोपाल – कर्नाटक में कांग्रेस की जीत पर मध्यप्रदेश कांग्रेस में भी जश्न का माहौल है। भोपाल स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कर्नाटक में जीत पर खुशी मनाई। जमकर आतिशबाजी की, एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और बधाई दी। महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष संतोष कंसाना हनुमान जी की तस्वीर लेकर पार्टी ऑफिस पहुंचीं थी। पार्टी नेताओं ने कर्नाटक में कांग्रेस की जीत को बजरंग बली का आशीर्वाद बताया। कांग्रेस के जिला कार्यालयों में भी कार्यकर्ताओं ने खुशी मनाई। कई जगह जय सियाराम के नारे लगाए गए।

कमलनाथ बोले- MP में भी कांग्रेस सरकार बनेगी, कार्यकर्ता कमर कस ले

मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि कर्नाटक की जीत ने दिखा दिया है कि जनता सच्चाई का साथ देती है। मध्यप्रदेश में भी कांग्रेस की ही सरकार बनेगी। यहां सौदेबाजी की राजनीति समाप्त होगी। कांग्रेस का हर कार्यकर्ता अब मध्यप्रदेश चुनाव के लिए अपनी कमर कस ले।

इतना बहुमत लाएंगे कि जोड़तोड़ की गुंजाइश नहीं मिलेगी: दिग्विजय सिंह

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा का दक्षिण भारत में सफाया हो गया है। एमपी में चुनाव के बाद देखेंगे कि सेंट्रल इंडिया से भी बीजेपी का सफाया हो जाएगा। इस बार इतना बहुमत लाएंगे कि जोड़तोड़ की गुंजाइश ही नहीं मिलेगी। दिग्विजय सिंह ने एमपी में 140 सीटें जीतने का दावा किया है। वहीं कर्नाटक में बीजेपी के प्लान बी के मीडिया के सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि कर्नाटक में कोई सिंधिया नहीं है। वहां मजबूत कांग्रेसी हैं।

बजरंग बली ने सिखाया- सेवा से देश-प्रदेश को आगे ले जा सकते हैं

हाल ही में बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में आए पूर्व मंत्री दीपक जोशी ने कहा- भगवान बजरंग बली के नाम को लेकर चुनाव लड़ा गया। बजरंग बली देवता नहीं थे, वह भगवान राम के भक्त थे, सेवक थे बजरंग बली ने हमें सिखाया है कि हम भी सेवा करके देश और प्रदेश को आगे ले जा सकते हैं, न कि उनके नाम का उपयोग करके। मेरे अंदर व्यक्तिगत उत्साह है।

BJP को बजरंग बली ने सबक सिखा दिया है

कांग्रेस विधायक तरुण भनोट ने कहा- वे (BJP) इसी प्रकार धर्म के नाम पर लोगों को बांटते रहेंगे, तो प्रभु का आशीर्वाद कभी नहीं मिल सकता। आज शनिवार है, बजरंग बली का विशेष दिन है और कांग्रेस पार्टी को उनका आशीर्वाद मिला है। बजरंग बली ने भाजपा को सबक सिखा दिया है।

बजरंग बली जीते और बजरंग दल हार गया

पूर्व मंत्री उमंग सिंघार ने कहा- यह कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की जीत है। एक तरफ बजरंग दल था, दूसरी तरफ बजरंग बली थे। बजरंग बली जीते और बजरंग दल हार गया।

बीजेपी को राम मंदिर और बजरंग बली भी नहीं बचा सके: तोगड़िया

अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया ने कर्नाटक के चुनाव परिणाम पर कहा कि मुझे दर्द है कि बजरंग बली, राम मंदिर भी भाजपा को बचा नहीं पाए। यह खतरे की घंटी है। यह भाजपा के लिए 2024 लोकसभा चुनाव का वेकअप कॉल है। लोगों को रोजगार चाहिए। महंगाई से मुक्ति चाहिए। सुरक्षा चाहिए। किसानों को फसलों के दाम चाहिए। पेट्रोल सस्ता करो, बजरंग बली का नाम लिए बिना भी वोट मिल जाएंगे।

Top