You are here
Home > Uncategorized > कर्नाटक की तर्ज पर मध्यप्रदेश में भाजपा को घेरेगी कांग्रेस

कर्नाटक की तर्ज पर मध्यप्रदेश में भाजपा को घेरेगी कांग्रेस

PAYCM पोस्टर कैंपेन का नया वर्जन बीजेपी के खिलाफ लाने की तैयारी

भोपाल – कांग्रेस को कर्नाटक में मिली जीत के बाद पार्टी मध्यप्रदेश में भी वहां की तर्ज पर बीजेपी को घेरने का प्लान बना रही है। कांग्रेस कर्नाटक में सबसे सफल चुनावी मुद्दा PAYCM पोस्टर कैंपेन का नया वर्जन बीजेपी के खिलाफ लाने की तैयारी में है। वह आने वाले दिनों में भ्रष्टाचार को लेकर बीजेपी पर हमले तेज करेगी। कांग्रेस 396 पॉइंट की एक बुकलेट तैयार कर रही है, जो प्रदेश के हर घर में बांटी जाएगी। इसमें आर्थिक अनियमितता, कुशासन और कुप्रबंधन के मामले शामिल हैं। पार्टी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को घेरने के लिए उनके कार्यकाल के 5 बड़े ऐसे मुद्दों को उछालेगी, जिसकी वजह से सरकार समय-समय पर बैकफुट पर रही है।
कांग्रेस कर्नाटक में बीजेपी को कमीशनखोरी, करप्शन, महंगाई, कट्टरवाद के मामले में घेरने में सफल रही है। मध्यप्रदेश में भी बीजेपी को हराने के लिए पार्टी इसी लाइन पर स्ट्रेटजी तैयार कर रही है। कांग्रेस की रणनीति के मुताबिक जैसे-जैसे चुनाव करीब आते जाएंगे, शिवराज सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार पर हमले तेज किए जाएंगे। कांग्रेस मानती है कि 40 फीसदी कमीशन का फार्मूला कर्नाटक में हिट रहा है। कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस ने भ्रष्टाचार को प्रमुख मुद्दे के रूप में उठाया था। वह केंद्र से लेकर राज्य सरकार के नेताओं पर हमलावर रही थी।

PAYCM अभियान, जिसके दम पर कर्नाटक में बीजेपी की सत्ता गई

कर्नाटक में ‘PAYCM’ अभियान स्टेट कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन के पत्र के आधार पर शुरू किया गया था। एसोसिएशन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखा था कि टेंडर पास करने के लिए कॉन्ट्रैक्टरों से 40% कमीशन मांगा जा रहा है और वे देने के लिए मजबूर हैं। इसके लिए कांग्रेस ने यूपीआई ऐप के क्यूआर कोड की कॉपी करते हुए PAYCM अभियान चलाया ताकि लोगों को ये संदेश दिया जा सके कि भाजपा सरकार भ्रष्ट है। इसके पोस्टर पूरे बेंगलुरु में चिपकाए गए थे। ऐसा करते हुए जब कुछ पार्टी कार्यकर्ता गिरफ्तार हुए तो कांग्रेस नेताओं ने सरकार को चुनौती दी। शिवकुमार और सिद्धारमैया जैसे शीर्ष नेताओं ने खुद जाकर पोस्टर चिपकाना शुरू किए थे। नेताओं ने प्रदर्शन कर गिरफ्तारी भी दी थी।

Top