You are here
Home > Uncategorized > कांग्रेस के सभी बडे़ नेता बूथ कमेटी में होंगे शामिल:क्षेत्रवार दी जाएगी जिम्मेदारी

कांग्रेस के सभी बडे़ नेता बूथ कमेटी में होंगे शामिल:क्षेत्रवार दी जाएगी जिम्मेदारी

कमलनाथ के बंगले पर हुई पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की मीटिंग

भोपाल – प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ के बंगले पर पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक हुई। इस बैठक में पीसीसी चीफ कमलनाथ के अलावा, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष डॉ.गोविन्द सिंह, अजय सिंह राहुल भैया, कांतिलाल भूरिया, कमलेश्वर पटेल, जीतू पटवारी, सज्जन सिंह वर्मा, फूल सिंह बरैया, सुरेश पचौरी, केपी सिंह मौजूद रहे। बैठक में तय हुआ कि सभी नेताओं को क्षेत्रवार जिम्मेवारी दी जाए। सभी नेता दौरे कर कार्यकर्ताओं की बात सुनें और स्थानीय परिस्थितियों के मुताबिक चुनावी रणनीति तैयार करें।
कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने यह तय किया है कि सभी कांग्रेस के राष्ट्रीय पदाधिकारियों से लेकर जिला स्तर तक के सभी पदाधिकारियों को बूथ कमेटी में सदस्य बनाया जाए। जो पदाधिकारी जिस पोलिंग बूथ पर वोटर है वो उसी बूथ की कमेटी में शामिल होगा।
बैठक में शामिल एक सदस्य ने बताया कि कर्नाटक चुनाव के बाद मप्र में भी केन्द्रीय नेतृत्व के दौरे होंगे। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी के दौरों की शुरुआत विंध्य से कराने पर चर्चा चल रही है। संभवत: प्रियंका गांधी चित्रकूट या मैहर से कांग्रेस के चुनावी अभियान का शंखनाद करेंगी। हालांकि ये दौरे 10 मई के बाद यानि कर्नाटक चुनाव के परिणाम आने के बाद ही फाइनल होंगे।
बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि जिन सीटों पर कांग्रेस लंबे समय से हार रही है। वहां चेहरे पहले तय कर दिए जाएं। जिन सीटों पर बीजेपी के मंत्री प्रशासन की दम पर कांग्रेसियों को प्रताड़ित कर रहे हैं। वहां प्रदेश के बडे़ नेता लगातार दौरे करेंगे।
बैठक के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए पूर्व मंत्री जयवर्द्धन सिंह ने कहा- आज की बैठक में अलग-अलग बिन्दुओं पर चर्चा हुई है। सबको प्रदेश में भ्रमण कर जमीनी स्तर पर काम करना है। पिछले 20 साल में से 18 साल भाजपा की सरकार रही है लेकिन अब शिवराज जी को अभी बहनों की याद आई है। कई ऐसे हितग्राही होंगे जिन्हें पहले से पेंशन और योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिल पाएगा। 18 से 23 साल के बीच की आयु वर्ग की कई ऐसी बहनें मुझसे मिलीं जिन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिल रहा। 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को लाभ नहीं मिलेगा।
जयवर्द्धन सिंह ने केन्द्रीय नेताओं के दौरों पर कहा कर्नाटक चुनाव के परिणाम से मप्र छत्तीसगढ़ ही नहीं पूरे देश में माहौल बदलेगा। कर्नाटक में भाजपा के बडे़-बडे नेता यहां तक कि पूर्व मुख्यमंत्री कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। ऐसी ही कुछ पिक्चर मप्र में होने वाली है। भाजपा के कई असंतुष्ट नेता, पूर्व मंत्री हैं। वो अलग-अलग नेताओं के संपर्क में हैं। सब एकमत हैं कि कमलनाथ जी हमारे मुख्यमंत्री के चेहरे हैं।

Top