You are here
Home > Uncategorized > कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश में 150 विधानसभा सीट जीतने का दावा किया

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश में 150 विधानसभा सीट जीतने का दावा किया

राहुल गांधी के दावे पर कमलनाथ बोले-हम उनकी बात से सहमत

नई दिल्ली – राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एमपी में 150 सीटें जीतेगी। राहुल गांधी के दावे पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि हम उनकी बात से सहमत हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने सोमवार को दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में MP के पार्टी नेताओं के साथ चुनावी तैयारियों को लेकर बैठक की। राहुल गांधी ने कहा कि ‘बैठक में हमारी लंबी चर्चा चली। हमारा आंतरिक आकलन है कि हमें कर्नाटक में 136 सीटें मिली हैं। मध्यप्रदेश में 150 सीटें मिलने वाली हैं। कर्नाटक में जो किया, उसे हम रिपीट करने जा रहे हैं।’ कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा, हम मध्यप्रदेश भी जीतने जा रहे हैं।

राहुल गांधी के दावे पर कमलनाथ बोले-उनके पास इनपुट है

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि चुनाव में कैसी रणनीति बनाई जाए, मध्यप्रदेश का भविष्य कैसे सुरक्षित रखा जाए, इस पर बैठक में चर्चा हुई। कमलनाथ ने राहुल के दावे पर कहा, ‘हम उनकी बात से सहमत हैं। उनके पास इनपुट है। हमने शुरुआत कर दी है। हमारी नारी सम्मान योजना है। किसानों के लिए योजना है। गैस सिलेंडर की बात है। कुछ अभी कर रहे हैं, कुछ आने वाले समय में करेंगे। सब गोलियां एक साथ नहीं चलाएंगे।

बैठक में यह भी बताया गया कि कन्याकुमारी से कश्मीर तक राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को व्यापक जनसमर्थन मिला था। अब राहुल गांधी पूर्व से पश्चिम तक यात्रा करेंगे। हालांकि यात्रा की तारीख अभी तय नहीं हुई है। इस यात्रा में मप्र के कुछ हिस्सों को शामिल किया जा सकता है। बैठक में कांग्रेस के नेताओं से यह कहा गया है कि अपने-अपने लेवल पर कांग्रेस को जिताने और बीजेपी को हराने का प्लान तैयार करके उसे पार्टी लीडरशिप के सामने रखें। कौन से ऐसे मुद्दे हो सकते हैं जो जनता के बीच में प्रभावी हैं।

कांग्रेस आलाकमान ने लोकल इश्यू की लिस्ट मांगी

सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस आलाकमान ने MPPCC से मध्यप्रदेश के स्थानीय बड़े मुद्दों की जानकारी मांगी है। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस ने राष्ट्रीय स्तर के मुद्दों से ज्यादा लोकल इश्यू को प्राथमिकता से उठाया था। मंत्रियों के भ्रष्टाचार, विधायकों द्वारा की गई बड़ी गड़बडियों की जानकारी भी केंद्रीय कार्यालय को दी जाने की खबर है।

वचनपत्र का भी प्रजेंटेशन

इस बैठक में मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के वचन पत्र को भी आलाकमान के सामने रखा गया। इसमें मुख्य रूप से नारी सम्मान योजना, 500 रुपए में एलपीजी सिलेंडर, ओल्ड पेंशन स्कीम की बहाली, ओबीसी आरक्षण जैसे बड़े मुद्दे शामिल किए गए हैं। वचन पत्र में कांग्रेस ने कई आकर्षक वादे भी शामिल किए हैं।

​​​​​​बैठक में MP के 16 नेता मौजूद रहे

कर्नाटक विधानसभा चुनाव में मिली कामयाबी के बाद कांग्रेस तीन राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी हुई है। इसको लेकर ही राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, महासचिव केसी वेणुगोपाल, राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं के साथ चर्चा की। इसमें कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, अजय सिंह ‘राहुल’, अरुण यादव, विवेक तन्खा, कांतिलाल भूरिया सहित MP के 16 नेताओं को बुलाया गया था।

12 जून को प्रियंका गांधी का जबलपुर दौरा

कांग्रेस मुख्यालय में हुई बैठक में मध्यप्रदेश में राष्ट्रीय नेताओं के दौरों, जनसभाओं और रैलियों को लेकर भी चर्चा की गई। सूत्रों के मुताबिक, 12 जून को प्रियंका गांधी जबलपुर आ सकती हैं। सूत्रों की मानें तो क्षेत्रवार समीकरणों के हिसाब से नेताओं के दौरे, रैलियां और जनसभाएं होंगी।

Top