You are here
Home > Uncategorized > दीपक जोशी कांग्रेस में शामिल होने को तैयार, सत्यनारायण सत्तन ने अलापा विद्रोह का राग

दीपक जोशी कांग्रेस में शामिल होने को तैयार, सत्यनारायण सत्तन ने अलापा विद्रोह का राग

दीपक के बाद भंवर सिंह शेखावत और अनूप मिश्रा भी हुए बागी, आधे से अधिक विधायक भी चल रहे नाराज

भोपाल/नई दिल्ली (ईएमएस)। मप्र भाजपा में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की एकला चलो नीति के कारण पार्टी में असंतोष चरम पर पहुंच गया है। पार्टी के आधे से अधिक विधायक सत्ता और संगठन से नाराज हैं, लेकिन अनुशासन के कारण चुप बैठे हैं। लेकिन इनके अंदर भी विद्रोह की आग सुलग रही है। उधर, शिवराज और वीडी से बातचीत के बाद भी पूर्व मंत्री दीपक जोशी कांग्रेस में जाने के अपने ऐलान पर कायम हैं। वहीं इंदौर भाजपा के दिग्गज नेता और वरिष्ठ कवि सत्यनारायण सत्तन भी विद्रोह की मुद्रा में नजर आ रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा है कि आंध्र और कर्नाटक में भाजपा घुस गई फाटक में, अब फाटक में घुसी हुई भाजपा का क्या दृश्य होगा यह देखना है।
भाजपा सूत्रों का कहना है कि केवल दीपक जोशी ही नहीं, बल्कि कई विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद और हजारों भाजपाई कांग्रेस और आम आदमी पार्टी में जाने की तैयारी में हैं। सूत्रों का कहना है कि 2020 में सत्ता में आने के बाद शिवराज और वीडी की जोड़ी ने सभी को हाशिए पर खड़ा कर दिया है। इसलिए भाजपा के वफादार और पुराने नेताओं में भारी असंतोष है। यह असंतोष आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी के लिए घातक सिद्ध हो सकता है।
-सम्मानित करने के बजाय अपमानित किया
सत्तन ने कहा कि पार्टी ने लोगों को सम्मानित करने के बाद बजाय अपमानित करने का काम किया, वह गलत है। इस पीड़ा को अभिव्यक्त करने का माध्यम शब्द ही हैं और उस शब्द के माध्यम से अभिव्यक्ति होती है। मैं सत्य को सत्य ही रखना चाहता हूं। सत्तन ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान ने मुझे बुलाया है, मैं शुक्रवार को भोपाल जाऊंगा। उनके प्रश्न का उत्तर देने ही मैं भोपाल जा रहा हूं। उन्होंने कहा कि अगर नौजवान पीढ़ी अपने समर्थ हाथों में कमान संभालती है और सम्मान से आगे ले जाती है तो वंदनीय है। यदि ऐसा नहीं कर पाती तो निंदनीय।
-पनौती बना 200 पार का नारा
भाजपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी कहते हैं कि 2018 में सत्ता और संगठन अबकी बार 200 पार का नारा दिया था तो पार्टी 109 पर सिमट गई थी। अबकी बार भी यही नारा दिया गया है, ऐसे में लगता है कि इस बार पार्टी टूट जाएगी। वह कहते हैं कि वातानुकूलित ऑफिस में बैठकर नेताओं ने 200 पार का सपना तो देख लिया, लेकिन उसे साकार करने वाले कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को कोई नहीं पूछ रहा है। इसलिए पार्टी में बगावत की आग तेज हो गई है। वह कहते हैं कि हमें तो लगता है कि 200 पार का यह नारा भाजपा के लिए पनौती बन गया है।
-जोशी 6 को करेंगे कांग्रेस जॉइन
पूर्व सीएम कैलाश जोशी के बेटे और पूर्व मंत्री दीपक जोशी के भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने की चर्चा जोरों पर है। उनके कांग्रेस में शामिल होने की पुष्टि अब देवास शहर कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी ने भी की है। राजानी का कहना है कि जोशी का परिवार एक सभ्य परिवार है और उन्होंने हमेशा भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई है। उन्होंने भाजपा नेताओं द्वारा किए गए भ्रष्टाचार के लिए भी आवाज उठाई थी, लेकिन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। राजानी ने कहा, दीपक मेरे साथ जाकर भोपाल में कांग्रेस पार्टी जॉइन करेंगे। इससे कांग्रेस पार्टी में चार चांद लग जाएंगे। हमारी कांग्रेस पार्टी और मजबूत हो जाएगी। दीपक जोशी क्रांति के रूप में कांग्रेस की सदस्यता ले रहे हैं। यह क्रांतियां थमेगी नहीं, लौ मशाल बनकर निकलेगी। मनोज राजानी ने कहा कि यह सच है कि दीपक जोशी 6 तारीख को कांग्रेस का दामन थाम रहे हैं। सत्य की प्रतिमूर्ति जोशी परिवार, जिसकी शुरुआत कैलाश जोशी जी ने की थी, उस विरासत के झंडे को थाम कर दीपक कांग्रेस में आते हैं तो मैं कांग्रेस परिवार की ओर से उनका स्वागत करता हूं। अभी तो शुरुआत है, कई नेता मप्र में ऐसे हैं जो हमारे बड़े नेताओं के संपर्क में हैं। देवास जिले की बात करूं तो अभी तो यह शुरुआत है।

  • शेखावत और अनूप भी हुए बागी
    भाजपा में चुनाव से पहले बड़ी बगावत शुरू हो सकती है। इसकी शुरूआत पूर्व मंत्री दीपक जोशी करने जा रहे हैं। भाजपा नेताओं के काफी मान-मनौव्वल के बाद भी दीपक जोशी नहीं माने और उन्होंने 6 मई को कांग्रेस में शामिल होने का ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही पूर्व विधायक भंवर सिंह शेखावत और पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा भी बगावत पर उतर आए हैं। दोनों नेताओं ने ऐलान कर दिया है कि टिकट मिले न मिले वे चुनाव जरूर लड़ेंगे। दीपक जोशी को भाजपा के प्रदेश से लेकर दिल्ली तक के नेताओं ने मनाने की कोशिश की है, लेकिन जोशी टिकट की मांग पर अड़े रहे। कोई भी नेता उनकी मांग को पूरा नहीं कर पाया और जल्द ही जोशी कांग्रेस में शामिल होंगे। पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा ने भी कहा कि वे चुनाव जरूर लड़ेंगे। उनके भी पार्टी छोडऩे की पूरी संभावना है। अनूप मिश्रा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के भांजे हैं। जबकि दीपक जोशी पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के बेटे हैं। इधर खबर है कि इन नेताओं के बगावत पर उतर आने के बाद से भाजपा में असंतुष्टों का बड़ा गुट तैयार हो रहा है।
Top