You are here
Home > Uncategorized > नगरीय विकास मंत्री भूपेंद्र सिंह के खिलाफ लामबंद हुए मध्य प्रदेश के मंत्री

नगरीय विकास मंत्री भूपेंद्र सिंह के खिलाफ लामबंद हुए मध्य प्रदेश के मंत्री

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से शिकायत की

भोपाल – विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के बड़े नेताओं के बीच खींचतान बढ़ने लगी है। ताजा मामला तीन मंत्रियों व विधायकों के बीच का है। मंगलवार को कैबिनेट बैठक के ठीक बाद पीडब्ल्यूडी मंत्री व सीनियर नेता गोपाल भार्गव, राजस्व मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने विधायक शैलेंद्र जैन, विधायक प्रदीप लारिया और सागर जिलाध्यक्ष गौरव सिरोठिया के साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की।
इस मुलाकात में सभी ने नगरीय विकास मंत्री भूपेंद्र सिंह की जमकर शिकायत की। साथ ही कहा कि वे ऐसे लोगों को प्रश्रय दे रहे हैं, जो उनके विरोधी हैं। इसके अलावा सागर में बिना उनसे (भूपेंद्र) पूछे कोई काम नहीं हो रहा। छवि भी जानबूझकर खराब की जा रही है। सागर के हालात ठीक नहीं हैं।
बातचीत के दौरान स्थिति यहां तक पहुंच गई कि भूपेंद्र सिंह से नाराज गुट ने मुख्यमंत्री को कह दिया कि यदि ऐसे ही हालात रहते हैं तो वे सामूहिक इस्तीफा दे देंगे। करीब पौन घंटे तक मुख्यमंत्री ने तमाम मसलों पर भार्गव-राजपूत की बात सुनी। इस दौरान किसी को कक्ष में आने नहीं दिया गया। सीएम ने भरोसा दिया कि वे जल्द ही इस मसले पर बात करेंगे। नाराज गुट का कहना है कि लंबे समय से शिकायत कर रहे हैं, पानी सिर के ऊपर गुजर गया। इसीलिए एक साथ जाकर सीएम से बात की गई है।
नाराज गुट सीएम से मिलने के बाद भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद से भी मिला। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के पास भी गया। दबाव में काम कर रहे संगठन व कार्यकर्ताओं की जानकारी दी। साथ ही प्रशासनिक व्यवस्था में भूपेंद्र सिंह की हर मामलों में दखलंदाजी की जानकारी दी। बुधवार को सभी लोग भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश से भी मिलेंगे। इनका कहना है कि जरूरत पड़ी तो वे दिल्ली तक भी जाएंगे।

मंगलवार को मंत्री भूपेंद्र सिंह की शिकायत के बाद सभी मंत्री भोपाल में ही रुक गए हैं। शिकायत करने वाले मंत्री और विधायक बुधवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से फिर मिल सकते हैं। भाजपा में इस तरह की शिकायत पहली बार सामने आई है।

Top