You are here
Home > Nation > पंजाब के बठिंडा मिलिट्री स्टेशन में, फायरिंग, सेना के 4 जवानों की मौत

पंजाब के बठिंडा मिलिट्री स्टेशन में, फायरिंग, सेना के 4 जवानों की मौत

जवानों को इंसास राइफल से गोलियां मारी गई

बठिंडा – पंजाब के बठिंडा मिलिट्री स्टेशन में बुधवार सुबह हुई फायरिंग में सेना के 4 जवानों की मौत हो गई। ये जवान 80 मीडियम रेजिमेंट के थे और ऑफिसर्स मेस में गार्ड ड्यूटी पर तैनात थे। आर्मी ने कहा कि फायरिंग सुबह 4:35 बजे हुई। 4 मौतों के अलावा जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ है। पुलिस और सेना की टीमें मिलकर इसकी जांच कर रही हैं। एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस की शुरूआती जांच में पता चला कि जवानों को इंसास राइफल से गोलियां मारी गई हैं। पुलिस को मौके से इसके 19 खाली खोल बरामद हुए हैं। गोली मारने वाले 2 लोग सिविल कपड़ों में अंदर आए थे। बठिंडा पुलिस ने इसमें टेरर एंगल से इनकार नहीं किया है। इस घटना से 2 दिन पहले यूनिट के गार्ड रूम से इंसास राइफल और गोलियां गायब हुई थी। पुलिस और आर्मी को इस राइफल का घटना में इस्तेमाल होने का शक है।

कैंट थाना के SHO गुरदीप सिंह ने बताया कि कल शाम को आर्मी की ओर से राइफल गुम होने की शिकायत दर्ज करवाई गई थी। फायरिंग के बाद मिलिट्री स्टेशन को सील कर दिया गया है और लोगों के आने-जाने पर रोक लगा दी गई है। आर्मी एरिया में सर्च ऑपरेशन चल रहा है।

आर्मी ने बयान जारी कर बताया कि सर्च टीम को इंसास राइफल मिली है। जिसमें कुछ मैगजीन भी हैं। पुलिस व आर्मी की जॉइंट टीम ने राइफल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। जिससे स्पष्ट होगा कि यह वारदात इसी राइफल से की गई या नहीं। आर्मी ने किसी संदिग्ध को हिरासत में लेने की बात से भी इनकार किया है।
बठिंडा पुलिस ने घटना पर क्या कहा…
बठिंडा के SP डिटेक्टिव अजय गांधी ने कहा- आज सुबह 4-4.30 बजे की यह घटना है। एक आर्मी बैरक में फायरिंग हुई है। मिलिट्री पुलिस के साथ मिलकर इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने मरने वाले सागर बन्ने, कमलेश आर, योगेश कुमार जे, संतोष कुमार नागराल शामिल हैं। मरने वाले 2 जवान कर्नाटक और 2 तमिलनाडु के हैं। इनकी उम्र 24 से 25 साल की उम्र है। इनकी नौकरी को अभी 3-3 साल ही हुए हैं।

जिसने फायरिंग की है, उसके बारे में अभी कुछ पता नहीं चला है। जिन जवानों ने देखा, उनका कहना है कि फायरिंग करने वाले 2 आरोपी थे। जो सिविलियंस के कपड़े में थे। ये लोग किस व्हीकल में आए, इसके बारे में पता नहीं है। गोली मारने वाले सिविलियंस हैं या आर्मी के जवान, इसके बारे में जांच की जा रही है। इसके अलावा पंजाब पुलिस मिलिट्री पुलिस के साथ मिलकर टेरर एंगल की भी जांच की जा रही है। अंदर CCTV कैमरे भी लगे हुए हैं। इसकी भी छानबीन की जा रही है।

Top