You are here
Home > Uncategorized > बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने दिनदहाड़े तोड़फोड़ की थी, उसी कार्यालय में शनिवार को जश्न का माहौल दिखा

बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने दिनदहाड़े तोड़फोड़ की थी, उसी कार्यालय में शनिवार को जश्न का माहौल दिखा

कर्नाटक फतह के बाद जबलपुर में कांग्रेस ने बांटी मिठाई

जबलपुर – कर्नाटक चुनाव के दौरान शुरु हुआ बजरंग दल विवाद जब जबलपुर पहुंचा था, तो कर्नाटक चुनाव के नतीजे भी पहुंचना ही थे। विगत सप्ताह जिस कांग्रेस कार्यालय में बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने दिनदहाड़े तोड़फोड़ की थी, उसी कार्यालय में शनिवार को जश्न का माहौल देखने को मिला। सोशल मीडिया से लेकर मालवीय चौक, बलदेवबाग तक हर जगह कांग्रेसी दोहरी खुशी मनाते नजर आए। पहली खुशी कर्नाटक जीत की दूसरी खुशी बजरंग विवाद के बाद भी कर्नाटक जीत की। सोशल मीडिया से लेकर जबलपुर की सड़कों तक कांग्रेस मुखर होकर कहते नजर आए, बजरंग बली का आशीर्वाद कांग्रेस के साथ। बैंगलोर से लेकर दिल्ली और दिल्ली से लेकर जबलपुर तक शनिवार को कांग्रेस मुस्कुराते नजर आई।
कर्नाटक जीत का जश्न शनिवार को मालवीय चौक, सदर, रांझी, गोहलपुर, गढ़ा, रसल चौक में भी देखना को मिला। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के ठीक पहले आए इस नतीजे को कांग्रेस संजीवनी के तौर पर ले रही है। वहीं जबलपुर कांग्रेस विगत दिनों हुई घटनाओं के चलते दोहरी खुशी मना रहे है।

राष्ट्रीय सुखियों में आया था जबलपुर……

गौरलब है कि कर्नाटक चुनाव के दौरान खड़ा हुआ बजरंग दल विवाद जबलपुर में सबसे उग्र रूप में सामने आया था। जहां बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय में जमकर गुंडागर्दी की थी। जिसके बाद कांगे्रस सड़कों पर आई थी और पूरे ताकत के साथ इस घटना को धर्म और अर्धम की चर्चा में बदलने में कामयाबी पाई थी। जबलपुर की घटना की चर्चा कर्नाटक चुनाव प्रचार के दौरान भी सुनने को मिली थी। अब जब कर्नाटक में कांग्रेस आई है, तब जबलपुर में कांग्रेस नेता कहते नजर आ रहे हैं, बजरंगी बली का अशीर्वाद कांग्रेस के साथ है। कांग्रेस दावा कर रही है की बजरंग बली के बल और आशीर्वाद से जबलपुर की ८ में से ७ सीटों में कांग्रेस कब्जा जमाएगी। कर्नाटक की तरह मध्य प्रदेश में भी स्पष्ट बहुमत से सरकार बनाएगी।

मालवीय चौक में बांटी मिठाई……….

दोपहर बाद से ही जैसे ही स्थिति साफ होना शुरु हुई, वैसे ही शहर के राजनीतिक केन्द्र कहे जाने वाले मालवीय चौक में हलचल तेज होने लगी। कांग्रेस नेता कार्यकर्ताओं का हुजूम एकत्र होने लगा। आतिश्बाजी के साथ मिठाई वितरण का दौर देर रात तक जारी रहा। इस दौरान पूर्व मंत्री लखन घनघोरिया, विधायक संजय यादव, विनय सक्सेना, नगर अध्यक्ष और महापौर जगत बहादुर से अन्नू सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बजरंग बली ने दिया सबक……

विधायक तरुण भनोट ने भारतीय जनता पार्टी की हार पर कहा, बजरंग बली ने भाजपा को सबक दिया है। वह इसी प्रकार धर्म सम्प्रदाय के नाम पर लोगों को बांटते रहेंगे, तो प्रभु का आशीर्वाद कभी नहीं मिल सकता। आज शनिवार बजरंग बली का विशेष दिन है और कांग्रेस पार्टी को बजरंग बली का आशीर्वाद मिला है। कांग्रेस पार्टी सही राह पर चल रही है। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में भी बजरंग बली की कृपा से प्रदेश में कांग्रेस पार्टी पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।

Top