You are here
Home > Uncategorized > भाजपा की यह सरकार चोरी की सरकार, भाजपा ने तीन साल पहले लोकतंत्र को नष्ट कर इसे चुरा लिया – कर्नाटक में बोले राहुल

भाजपा की यह सरकार चोरी की सरकार, भाजपा ने तीन साल पहले लोकतंत्र को नष्ट कर इसे चुरा लिया – कर्नाटक में बोले राहुल

राहुल

शिवमोगा – कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कर्नाटक के शिवमोगा में तीर्थहल्ली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा की यह सरकार चोरी की सरकार है। भाजपा ने तीन साल पहले लोकतंत्र को नष्ट कर इसे चुरा लिया था। पीएम मोदी इस सरकार द्वारा किए गए भ्रष्टाचार के बारे में क्यों नहीं बोल रहे हैं? उन्हें बताना चाहिए कि कर्नाटक में भ्रष्टाचार को रोकने के लिए उन्होंने क्या कदम उठाए हैं।
राहुल ने कहा कि मोदी जी, यहां जो लोग खेती करते हैं, उन्हें उनकी जमीनें नहीं दी जा रही हैं, तब आपने क्या किया? यहां जो विश्वेश्वरैया आयरन एण्ड स्टील प्लांट था, उसके बारे में आपने क्या किया? ये चुनाव नरेंद्र मोदी जी के बारे में नहीं… यहां के बच्चों, युवाओं और माताओं-बहनों के भविष्य के बारे में है। यह कर्नाटक का चुनाव है।
राहुल ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी ने यहां आकर कहा कि कांग्रेस ने उन पर 91 बार हमला किया। वह कर्नाटक के बारे में कुछ नहीं कह रहे हैं। उन्हें बताना चाहिए कि भाजपा सरकार क्या करेगी? मोदी ही नहीं इस दुनिया में और भी लोग हैं। उन्हें अपनी पार्टी के अन्य नेताओं, युवाओं और महिलाओं के बारे में बोलना चाहिए।
राहुल ने जनता को बताया कि हमने ‘मन की बात’ नहीं की बल्कि कर्नाटक के मन की बात सुनी। हमने सर्वे किया और प्रदेश के युवाओं, माताओं-बहनों से पूछा कि हमें क्या करना चाहिए। हम कर्नाटक के लोगों से इन प्रतिबद्धताओं को पूरा करने और राज्य को अद्वितीय प्रगति और समृद्धि के एक नए युग में ले जाने का दृढ़ संकल्प करते हैं।

Top