You are here
Home > Uncategorized > मध्‍यप्रदेश में अब मंत्रियों की घेराबंदी करेगी कांग्रेस, वरिष्ठ नेता संभालेंगे मोर्चा

मध्‍यप्रदेश में अब मंत्रियों की घेराबंदी करेगी कांग्रेस, वरिष्ठ नेता संभालेंगे मोर्चा

केंद्रीय पर्यवेक्षक, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ, दिग्विजय सिंह सहित वरिष्ठ नेता करेंगे दौरे।

भोपाल – मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव का समय जैसे-जैसे नजदीक आता जा रहा है, कांग्रेस भाजपा सरकार पर हमले तेज करने की योजना को मूर्त रूप दे रही है। अब मंत्रियों की उनके निर्वाचन क्षेत्रों में ही घेराबंदी करने की योजना है। इसके लिए वरिष्ठ नेता मोर्चा संभालेंगे।
मध्‍यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ शिवराज सरकार में उद्योग मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव के विधानसभा क्षेत्र बदनावर में 18 मई को पहुंचेंगे। वहीं, दिग्विजय सिंह गृह मंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा के निर्वाचन क्षेत्र दतिया में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक भी इन क्षेत्रों में जाएंगे और कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। साथ ही, मंत्रियों के क्षेत्र में एक-एक जनसभा भी जल्द ही आयोजित की जाएगी।
प्रदेश कांग्रेस ने चुनाव अभियान की अभी जो कार्ययोजना बनाई है, उसमें मंत्रियों की घेराबंदी को प्राथमिकता में रखा है। इसमें गोविंद सिंह राजपूत, तुलसीराम सिलावट, प्रद्युम्न सिंह तोमर सहित वे मंत्री भी शामिल हैं, जो कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गए थे। इन सभी की घेराबंदी इन्हीं के क्षेत्रों में की जाएगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के लगातार इन क्षेत्रों में दौरे हो रहे हैं, जिसे और गति दी जाएगी। इसके अलावा डा. नरोत्तम मिश्रा, भूपेंद्र सिंह, कमल पटेल, अरविंद भदौरिया, विश्वास सारंग के निर्वाचन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
दतिया और खुरई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को झूठे मामलों में फंसाकर प्रताड़ित करने के सर्वाधिक मामले हैं। कमल पटेल और अरविंद भदौरिया किसान कर्ज माफी को लेकर कांग्रेस पर लगातार हमले करते हैं तो विश्वास सारंग पार्टी नेताओं के निशाने पर हैं। पार्टी के सभी सहयोगी संगठनों से कहा गया है कि वे मंत्रियों के क्षेत्र में मतदान केंद्र स्तर पर मतदाताओं से संपर्क के कार्यक्रम को गति दें। मतदाता सूची का सत्यापन कराएं।
प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने बताया कि प्रमाणिक जानकारियों के साथ भ्रष्टाचार, कुशासन और कुप्रबंधन को लेकर अपनी बात जनता के सामने रखेंगे। मंत्रियों को लेकर उनके ही क्षेत्र में नाराजगी है। हम उन्हें वहीं घेरेंगे। पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता अब मैदान में उतर चुके हैं और दौरे भी बढ़ेंगे। मंत्रियों के साथ भाजपा के प्रमुख नेताओं के विधानसभा क्षेत्रों में भी जनसभाएं होंगी। इसकी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

Top