You are here
Home > News > रामनवमी पर आया काल; बहुत बुरा हुआ इंदौर का हाल; पीसीसी चीफ ने जताया शोक

रामनवमी पर आया काल; बहुत बुरा हुआ इंदौर का हाल; पीसीसी चीफ ने जताया शोक

इंदौर के बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर में रामनवमी पर बड़ा हादसा हो गया। बावड़ी की छत धंसने से पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक बच्चा भी है। 40 फीट गहरी बावड़ी में करीब 25 लोग गिर गए थे। पुलिस ने रस्सियों से 18 लोगों को बाहर निकाल लिया। इनमें दो बच्चियां और सात महिलाएं हैं। कुछ और लोगों के फंसे होने की आशंका है। बावड़ी में चार से पांच फीट पानी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सपना संगीता रोड स्थित स्नेह नगर में हवन के दौरान हादसा हुआ। 25 से ज्यादा लोग बावड़ी की छत पर बैठे थे। तभी ज्यादा वजन होने की वजह से उसकी छत टूट गई और लोग नीचे गिर गए। चंद्रप्रकाश गोयल ने बताया कि गिरने वालों में बच्चे और महिलाएं भी हैं। यह मंदिर करीब 60 साल पुराना है। कन्या पूजन का कार्यक्रम था, इसलिए मंदिर में भीड़ ज्यादा थी।

मौके पर मौजूद भाजपा विधायक मालिनी गौड़ के पुत्र एकलव्य ने दैनिक भास्कर को बताया कि प्रशासन ने उन्हें पांच लोगों की मौत की जानकारी दी है। इनमें से दो की पहचान हो गई है।

मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ ने इस घटना को लेकर दुख व्यक्त किया है- “इंदौर के बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर में हवन के दौरान 25 लोगों के बावड़ी में गिर जाने का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। मैं ईश्वर से सभी श्रद्धालुओं के सकुशल बाहर आने की कामना करता हूं।
प्रभु श्रीराम सबकी रक्षा करें।”

Top