You are here
Home > Uncategorized > शिवराज की ‘बहना’ पर भारी पड़ेगी नाथ की ‘नारी सम्मान’ योजना

शिवराज की ‘बहना’ पर भारी पड़ेगी नाथ की ‘नारी सम्मान’ योजना

कांग्रेस 9 मई से शुरू करेगी नारी सम्मान योजना, 1 करोड़ 15 लाख महिलाओं से भरवाया जाएगा फार्म

भोपाल – मप्र में महिला मतदाताओं को रिझाने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लाड़ली बहना योजना शुरू की है। सख्त नियमों के कारण इस योजना का लाभ अधिकांश महिलाओं को नहीं मिल पाएगा। वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ 9 मई से नारी सम्मान योजना शुरू करने जा रहे हैं। इस योजना में शामिल होने के लिए कोई बाध्यता नहीं है। ऐसे में माना जा रहा है कि शिवराज की लाड़ली बहना पर कमलनाथ की नारी सम्मान योजना भारी पड़ेगी। नारी सम्मान योजना के तहत प्रदेशभर में 1,15,00,000 लाख महिलाओं से फार्म भरवाया जाएगा।
कांग्रेस की नारी सम्मान योजना की शुरुआत 9 मई को होगी। नारी सम्मान योजना के नाम से इस योजना में घर-घर जाकर फॉर्म भरे जाएंगे। नारी सम्मान योजना के नाम से इस फॉर्म में महिलाओं को कुछ जानकारियां देनी होंगी और दावा किया जा रहा है कि कांग्रेस सरकार बनने पर हर पात्र महिला को 1500 रुपए प्रतिमाह के साथ 500 रु में गैस सिलेंडर भी दिया जाएगा।
महिलाओं को होगा डबल फायदा
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जहां लाडली बहना योजना लॉन्च की और 1000 रु प्रतिमाह हर महिला को देने का वादा किया जो पात्रता श्रेणी में आती हैं, वहीं कांग्रेस ने 1500 रुपए महीना और 500 रुपए में रसोई गैस सिलेंडर का डबल फायदा देने की घोषणा की है। जहां शिवराज सरकार की लाडली बहना योजना में पात्र महिलाओं की आयु सीमा 23 से 60 वर्ष है वही कमलनाथ का दावा है कि कांग्रेस सरकार बनने पर 18 साल से लेकर 60 साल तक की हर महिला इसकी पात्र होगी।
हर विस में भरवाए जाएंगे 50 हजार फार्म
नारी सम्मान योजना के तहत कांग्रेस ने लक्ष्य निर्धारित किया है कि हर विधानसभा क्षेत्र में कम से कम 50 हजार फार्म भरवाए जाएंगे। 50 हजार के हिसाब से प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों पर 1 करोड़ 15 लाख महिलाओं से फार्म भरवाया जाएगा। दरअसल, कांग्रेस इस अभियान के साथ एक बड़ा डाटा भी तैयार करवा लेगी, जिससे विधानसभा की तैयारी में उसे फायदा मिलेगा। उधर, लाड़ली बहना योजना में नियमों के चलते महज 70 से 80 लाख महिलाओं के लाभांवित होने का अनुमान है। जबकि कांग्रेस की कोशिश है कि प्रदेश की सभी महिलाओं को योजना का लाभ मिले।

2.60 करोड़ महिला वोटरों पर नजर

बता दें, प्रदेश में दो करोड़ 60 लाख के करीब महिला मतदाता हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों का फोकस महिला वोटरों को साधने पर है। इसके लिए सत्ता पर काबिज भाजपा सरकार ने मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना लागू की है। इसमें महिलाओं को जून माह से एक हजार रुपये प्रतिमाह दिया जाएगा। इस योजना को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यही, वजह है कि मुख्यमंत्री लाडली बहना कार्यक्रम भी कर रहे हैं। इसी की काट में अब कांग्रेस नारी सम्मान योजना लेकर आ रही है।
सशक्त बेटी समृद्ध योजना
कांग्रेस ने नारी सम्मान योजना का फार्म जारी किया है। इस फार्म में सशक्त बेटी समृद्ध योजना स्लोगन दिया गया है, जो अभी से आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। नारी सम्मान योजना के फॉर्म में सभी आवश्यक जानकारियां भरवाई जाएंगी। साथ ही साथ एक पावती रसीद भी संबंधित महिला को दी जाएगी।

Top