You are here
Home > News > सरकार की आदिवासी विरोधी नीतियों के खिलाफ सड़कों पर उतरेगा आदिवासी वर्ग: रामू टेकाम

सरकार की आदिवासी विरोधी नीतियों के खिलाफ सड़कों पर उतरेगा आदिवासी वर्ग: रामू टेकाम

मप्र आदिवासी कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष रामू टेकाम ने किया पीसीसी में पदभार ग्रहण किया

भोपाल – पूर्व सांसद प्रत्याशी रामू टेकाम को अभा कांग्रेस कमेटी द्वारा मप्र आदिवासी कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया गया। श्री टेकाम ने आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित एक समारोह में पदभार ग्रहण किया गया।
पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी ने श्री टेकाम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आदिवासी कांग्रेस प्रदेश के आदिवासी समुदाय में एक नई ऊर्जा का संचार करेगी। देश और प्रदेश में आदिवासी समूह पर भाजपा सरकार दमनकारी नीति अपना रही है। आदिवासियों के हक और अधिकारों को छीनने का काम भाजपा कर रही है। चाहे नेमावर की घटना हो, महू की घटना हो या लटेरी की घटना हो, सरकार की तानाशाही से आदिवासी वर्ग प्रदेश में डरा और सहमा हुआ है। इन वर्गों को कांग्रेस ने हमेशा सुरक्षा और संरक्षण प्रदान किया है।
पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा ने कहा कि आदिवासी वर्ग के लिए कांग्रेस की सरकारों ने हमेशा उत्थान के कार्य किये। पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे ने कहा कि प्रदेश में जहां भी आदिवासी वर्ग के लोग निवासरत हैं उसी से मिलकर काम करने की आवश्यकता है। कांग्रेस सरकार में उनके हितों के लिए किये गये कार्यों को उनके बीच पहुंचकर उन्हें बतायें, कांग्रेस के पक्ष में माहौल निर्मित करें।
मप्र युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने कहा कि आदिवासी वर्ग के साथ सरकार कुठाराघात कर रही है, उनके अधिकारों का हनन किया जा रहा है। भाजपा उन्हें गुमराह और भ्रमित कर उनके साथ छलावा कर रही है। आदिवासी बच्चियों और महिलाओं पर अत्याचार किये जा रहे हैं।
विधायक एवं मप्र आदिवासी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष औंकार सिंह मरकाम और अजय शाह ने कहा सभी एकजुट होकर कार्य करें। आदिवासी वर्ग के हितों के लिए पूरी कांग्रेस कटिबद्ध होकर कार्य करेगी। प्रदेश में आदिवासी वर्ग के साथ अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं।

Top