You are here
Home > Uncategorized > नर्मदापुरम में एकलव्य विद्यालय के प्राचार्य-वार्डन पर गंभीर आरोप

नर्मदापुरम में एकलव्य विद्यालय के प्राचार्य-वार्डन पर गंभीर आरोप

कन्या छात्रावास में बार-बार आते है प्राचार्य; परिजन-जयस संगठन नाराज

नर्मदापुरम – नर्मदापुरम जिले के सुखतवा में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में छात्राओं ने प्राचार्य और हॉस्टल वार्डन पर गंभीर आरोप लगाएं। छात्राओ गर्ल्स हॉस्टल में प्राचार्य के बार-बार आने और वार्डन पर ठीक तरह से व्यवहार नहीं करने की शिकायत की। यह मामला करीब एक महीने पुराना है। लेकिन प्राचार्य और हॉस्टल वॉर्डन पर कार्रवाई नहीं होने से आज शनिवार को फिर से गर्मा गया। छात्राओं के परिजन और जयस संगठन के प्रदेश संयोजक जामवंत सिंह कुमरे सुखतवा में स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पहुंचे। विद्यालय परिसर के बाहर परिजन, जयस संगठन ने हंगामा किया। छात्राओं ने अधीक्षक व प्राचार्य के खिलाफ कई गंभीर शिकायतें की।
छात्राओं ने बताया कि विद्यालय के प्राचार्य छात्रावास में कभी भी पहुंच जाते हैं। छात्राओं ने छात्रावास की अधीक्षिका व प्राचार्य डीपी विश्वकर्मा को हटवाने की मांग की। इस मुद्दे को लेकर छात्राओं के पालकों ने 27 फरवरी को कलेक्टर को पूर्व में भी ज्ञापन दिया था, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। जयस प्रदेश संयोजक जामवंत सिंह कुमरे का कहना हैं कि छात्रावास अधीक्षिका प्राचार्य को विद्यालय से हटाया जाए, अगर नहीं हटाते है, तो धरना प्रदर्शन किया जाएगा। जामवंत सिंह कुमरे ने बताया कि छात्राओं द्वारा छात्रावास में गुणवत्तापूर्ण भोजन नहीं मिलने की भी शिकायत की गई है।

हॉस्टल वाॅर्डन को हटाया

परिजन की शिकायत में लिखा कि बालिका छात्रावास में प्राचार्य बार-बार आते है। बालिकाओं को गलत तरीके से देखते है। बच्चों को रिजल्ट बिगाड़ने की धमकी दी जाती। स्कूल में विरोध करने पर छात्राओं को डराया जाता है। प्राचार्य, वार्ड के अलावा कपिल राय और गीतिका मेडम को हटाने की मांग की है। प्राचार्य और वॉर्डन की शिकायत के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने वॉर्डन प्रिया सोनी को हटाया जा चुका है। प्राचार्य पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।

मामले में तीन सदस्यीय कमेटी कर रही जांच

इस पूरे मामले की कलेक्टर के आदेश पर तीन सदस्यीय टीम जांच कर रही है। जिसमें महिला अधिकारी डिप्टी कलेक्टर बविता राठाैर, उपायुक्त जेपी यादव, सहायक आयुक्त संजय द्विवेदी शामिल है। कल शुक्रवार को दल जांच करने पहुंचा था। उपायुक्त यादव ने बताया पिछले महीने शिकायत मिलने पर जनपद पंचायत सीईओ ने ब्लॉक लेवल पर जांच कराई थी। लेकिन असंतोष जनक जांच होने से दोबारा जिला स्तरीय तीन सदस्यीय दल जांच कर रहा है।

Top