You are here
Home > Nation > गोवा में कांग्रेस को जोरदार झटका

गोवा में कांग्रेस को जोरदार झटका

पणजी। राहुल गांधी की अगुवाई में भारत जोड़ो यात्रा निकालने वाली कांग्रेस पार्टी को गोवा में जोरदार सियासी झटका लगा है। कांग्रेस के 8 विधायक मुख्यमंत्री की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत से मुलाकात के बाद कांग्रेस नेता माइकल लोबो ने इसका ऐलान किया।

गोवा में सुबह से चल रहे सियासी ड्रामे से आखिरकार बुधवार को पर्दा उठ गया। कांग्रेस के 8 विधायकों का समूह आधिकारिक रूप से भाजपा में शामिल हो गया है। गोवा बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सदानंद शेठ तनवड़े ने औपचारिक रूप से इसकी घोषणा की है।इसके साथ ही सभी 8 विधायकों का भाजपा के पार्टी कार्यालय में स्वागत किया गया। भाजपा में शामिल होने वाले कांग्रेस विधायकों में पूर्व मुख्यमंत्री व मडगांव विधायक दिगंबर कामत सहित 7 अन्य विधायक शामिल हैं। इसमें मुख्य रूप से कांग्रेस विधायक माइकल लोबो, दिलायला लोबो, एलेक्स सिकेरा, संकल्प अमोनकर, केदार नाइक, राजेश पलदेसाई और रूडोल्फ फर्नांडीस शामिल हैं।

इस सियासी उलटफेर पर मुख्यमंत्री डॉ. सावंत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व मे हो रहे देश के विकास को सभी दल महसूस कर रहे हैं। भाजपा कभी कुर्सी की राजनीति में विश्वास नहीं करती। बतौर मुख्यमंत्री, कांग्रेस के सभी विधायक विकास को लेकर प्रधानमंत्री के विजन और उनके कार्यों से प्रभावित हैं। इसी वजह से इन विधायकों ने भाजपा में शामिल होने का फैसला किया है।

Top