You are here
Home > News > बीजेपी ने लोकतंत्र की हत्या कर सत्ता हासिल की है – कुणाल चौधरी

बीजेपी ने लोकतंत्र की हत्या कर सत्ता हासिल की है – कुणाल चौधरी

  • कुणाल चौधरी ने बीजेपी के खिलाफ “बिकाऊलाल और मिलावटराम” के नारे लगाए।

मध्य प्रदेश उपचुनाव को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान गुरुवार से धुआंधार प्रचार शुरू करने जा रहे हैं। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित प्रदेश के कई मंत्री भी रहेंगे। सीएम और बीजेपी के दिग्गजों के चुनावी दौरे को लेकर कांग्रेस लगातार तंज कस रही है। जहां बुधवार को कांग्रेस प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा कि पिछले 15 साल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा करने के अलावा कोई काम नहीं किया है और एक बार फिर उपचुनाव के पहले वह जनता को भ्रमित करने के लिए अंचल के दौरे पर आ रहे हैं। वहीं अब कांग्रेस विधायक कुणाल चौधरी ने भी भाजपा के चुनाव प्रचार को लेकर पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने बिना नाम लिए बीजेपी के मंत्रियों बिसाहूलाल सिंह और तुलसीराम सिलावट को लेकर तंज किया।

क्या कहा कुणाल चौधरी ने ?

कांग्रेस विधायक कुणाल चौधरी ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकारी धन का इस्तेमाल कर चुनाव प्रचार में जुटी है। बीजेपी ने लोकतंत्र की हत्या कर सत्ता हासिल की है। कांग्रेस विधायक ने कहा कि हम बीजेपी के खिलाफ धोखेबाज़ी का मुद्दा उठाएंगे। उनके खिलाफ बिकाऊलाल और मिलावटराम का नारा लगाएंगे। उन्होंने कहा कि केवल कांग्रेस कार्यकर्ता नहीं बल्कि जनता भी भाजपा को सबक सिखाने की तैयारी में है। वहीं, बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता दीपक विजयवर्गीय ने कहा कि चुनाव के लिए अब ज़मीन पर उतरने का वक्त आ गया है। आगामी चुनाव के लिए पोलिंग बूथ और विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता अपनी-अपनी तैयारियों  में जुट गए हैं। उन्होंने बताया कि धीरे-धीरे सारे बड़े नेता अब मैदान में उतरेंगे।

कांग्रेस ने बजाया बिगुल: 13 सितंबर से शुरू होंगे चुनावी दौरे 

कांग्रेस ने प्रदेश कमल नाथ के दौरे की घोषणा कर दी है। 13 सितंबर को पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ सांवेर में लोगों से संवाद करेंगे। वहीं से कांग्रेस के चुनावी अभियान की शुरुआत होगी। कांग्रेस कमलनाथ की चुनावी सभा आयोजित कराना चाहती है। सांवेर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के संभावित उम्मीदवार प्रेमचंद गुड्डू ने कमलनाथ के दौरे की पुष्टि की है। सांवेर क्षेत्र में कमल नाथ की एक जनसभा का भी होगी। पार्टी क्षिप्रा या डकाच्या में भी सभा आयोजित करने पर विचार कर रही है। बता दें कि कांग्रेस नेताओं ने सभा के लिए जगह ढूंढ़नी शुरू कर दी है। संक्रमण को देखते हुए कांग्रेस किसी बड़े स्थान में सभा आयोजित करने पर विचार कर रही है। बताया जा रहा है कि कमल नाथ क्षेत्र के किसानों से भी चर्चा कर सकते हैं।

Leave a Reply

Top