You are here
Home > News > राहुल गांधी को धमकी मिलने के बाद उनकी भारत जोड़ो यात्रा के इंदौर में होने वाले कार्यक्रम में किया गया बदलाव

राहुल गांधी को धमकी मिलने के बाद उनकी भारत जोड़ो यात्रा के इंदौर में होने वाले कार्यक्रम में किया गया बदलाव

इंदौर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी को पत्र के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद उनकी भारत जोड़ो यात्रा के इंदौर में होने वाले कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। अब यात्रा के दौरान राहुल गांधी वैष्णव कॉलेज परिसर में रात्रि विश्राम करेंगे। पहले रात्रि विश्राम खालसा कॉलेज परिसर में करने वाले थे।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 23 नवंबर से महाराष्ट्र से मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में प्रवेश करेगी और अगले दिन 24 नवंबर को यह यात्रा इंदौर पहुंचेगी। इसके बाद इंदौर से होते हुए यात्रा उज्जैन जाएगी। पूर्व प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, राहुल गांधी रात्रि विश्राम खालसा कॉलेज में करने वाले थे। कॉलेज के बड़े मैदान में ठहरने की तैयारियां भी प्रारंभ हो गई थीं। मगर अब यात्रा के कार्यक्रम में बदलाव करते हुए रात्रि विश्राम खालसा कॉलेज के सामने स्थित वैष्णव कॉलेज परिसर में होगा।

कांग्रेस के प्रदेश सचिव राजेश चौकसे ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खालसा कॉलेज परिसर में अब सांस्कृतिक गतिविधियां और अन्य कार्यक्रम होंगे। खालसा कॉलेज में रात्रि विश्राम की तैयारियां और अन्य कार्यक्रम एक साथ करने में स्थान की समस्या सामने आ रही थी, इसलिए जगह बदली गई है।

करनाल से एक युवक हिरासत में

भारत जोड़ो यात्रा के मध्य प्रदेश में शुरू होने से पहले शुक्रवार को इंदौर में एक पत्र मिला था। इसमें राहुल की यात्रा के दौरान इंदौर में बम विस्फोट करने और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ को गोली मारने की धमकी दी गई थी। इस मामले में मध्य प्रदेश की पुलिस ने पंजाब के करनाल से एक युवक को हिरासत में लिया है। जिस कागज पर हाथ से धमकी भरे शब्द लिखे हैं, उसमें एक युवक की तस्वीर लगी है। उस पर अमनदीप सिंह (25) पुत्र ज्ञान सिंह निवासी मकान नंबर 52 ब्लाक नंबर एक नर्सिंग करनाल छपा है। यह युवक करनाल के नर्सिंग का है और टैक्सी चलाता है।करनाल के एसपी गंगाराम पूनिया का कहना है कि किसी व्यक्ति का पहचान पत्र प्राप्त हुआ है। जांच कर रहे हैं।

Top