You are here
Home > Politics > प्रदेश के महापुरुषों में भेदभाव करना बंद करें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह: अब्बास हफ़ीज़

प्रदेश के महापुरुषों में भेदभाव करना बंद करें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह: अब्बास हफ़ीज़

भोपाल। प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष अब्बास हफ़ीज़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह की प्रतिमा के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि भाजपा सरकार महापुरुषों की प्रतिमाओं पर भी राजनीति कर रही है जो घोर निंदनीय और अमानवीय कृत्य है।


श्री हफ़ीज़ ने व्यथित होकर यह प्रतिक्रिया तब व्यक्त की है जब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रायसेन ज़िले में सुल्तानपुर में पूर्व मुख्यमंत्री सुन्दरलाल पटवा की प्रतिमा का शुक्रवार को अनावरण किया। श्री हफ़ीज़ का कहना है कि कांग्रेस पार्टी पूर्व मुख्यमंत्री सुन्दरलाल पटवा की प्रतिमा के अनावरण का विरोध नहीं कर रही है, पटवा जी की प्रतिमा जो काफी समय बाद बनी, उनके अनावरण के लिए मुख्यमंत्री सुल्तानपुर जा सकते हैं। लेकिन कांग्रेस को इस बात की आपत्ति है कि पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह की प्रतिमा जो कि राजधानी भोपाल में वल्लभ भवन से मात्र कुछ मीटर की दूरी पर स्थापित होने के बावजूद, मुख्यमंत्री के पास इतना समय नहीं है कि वे उनकी प्रतिमा पर जा सके। जबकि प्रदेश का हर नेता, मंत्री व मुख्यमंत्री अनेकों बार उसी रास्ते से निकलते हैं। इससे साफ़ प्रतीत होता है कि प्रदेश की भाजपा सरकार व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान महापुरुषों में भी भेद भाव कर रहे हैं।


श्री हफ़ीज़ ने कहा कि भाजपा को यह समझना चाहिए कि सत्ता स्थाई नहीं होती, सरकारें तो आती जाती रहती है, महापुरुषों के साथ भेदभावपूर्ण और पक्षपात की राजनीति से भाजपा को परहेज करना चाहिए। महापुरुषों के साथ राजनीति से भाजपा बाज आये अन्यथा कांग्रेस सरकार आने पर उसे उसका खामियाजा भी भुगतना पड़ेगा।

Top