You are here
Home > News > दिन में छाए रहे बादल, रात में 10 दिनों बाद फिर बढ़ी ठंड

दिन में छाए रहे बादल, रात में 10 दिनों बाद फिर बढ़ी ठंड

भोपाल। राजधानी में शनिवार को दिन भर बादल छाए रहे। वहीं, रात के वक्त ठंड फिर बढ़ गई है। पिछले 24 घंटे में रात के तापमान में तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। रात का तापमान 14.5 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से एक डिग्री कम रहा।राजधानी में ऐसा 10 दिन बाद हुआ, जब रात का तापमान सामान्य से नीचे आया है। इसके पहले 3 नवंबर को रात का तापमान सामान्य से कम था। शनिवार सुबह राजधानी में धुंध छाई थी। दिनभर बादल भी छाए रहे। इसका असर यह हुआ कि दिन में पारा 29 डिग्री पर अटक गया। 34 दिन बाद दिन का तापमान 30 डिग्री से कम रहा।

मौसम विशेषज्ञ पीके साहा ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि हवा का रुख बदलकर उत्तरी हो गया है। उत्तर से आ रही सर्द हवा के कारण ही रात के तापमान में गिरावट हुई है। लेकिन वैज्ञानिकों का अनुमान है कि ठंड का यह दौर लंबा नहीं रहेगा। रविवार को देश के उत्तरी हिस्से में एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस पहुंचेगा । इसका प्रभाव पड़ने से रात के तापमान में 48 घंटे बाद फिर बढ़ोतरी हो सकती है। इसके कारण ठंड पर भी ब्रेक लग जाएगा।

Top