You are here
Home > Sports > राष्ट्रमंडल खेल : भारतीय पहलवानों के नाम रहा आठवां दिन

राष्ट्रमंडल खेल : भारतीय पहलवानों के नाम रहा आठवां दिन

बर्मिंघम। राष्ट्रमंडल खेल 2022 के आठवें दिन भारतीय पहलवानों का जलवा रहा। स्टार पहलवान बजरंग पुनिया सहित चार पहलवानों ने फाइनल में जगह बनाई। वहीं, किदांबी श्रीकांत और पीवी सिंधु ने क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया तो भाविना पटेल ने महिला एकल पैरा टेबल टेनिस के फाइनल में प्रवेश कर भारत के लिए पदक पक्का किया।

भारतीय पहलवानों का रहा जलवा

भारतीय पहलवान बजरंग पुनिया (पुरुष 65 किग्रा), दीपक पुनिया (पुरूष 86 किग्रा) साक्षी मलिक (महिला 62 किग्रा) और अंशु मलिक (महिला 57 किग्रा) ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 में अपने-अपने भार वर्ग के फाइनल में प्रवेश कर लिया है।

साक्षी मलिक ने कैमरून के एटेन नोगोले पर 10-0 से जीत (तकनीकी श्रेष्ठता) के साथ 62 किग्रा वर्ग के फाइनल में प्रवेश किया।

20 वर्षीय अंशु मलिक ने महिलाओं की 57 किग्रा वर्ग में श्रीलंका नेथमी पोरुथोटागे को 10-0 से हराया। अंशु ने यह मैच 62 सेकंड में ही अपने नाम कर लिया। अंशु ने पहली बार राष्ट्रमंडल खेलों में अपने लिए पदक पक्का किया है।

बजरंग पुनिया ने इंग्लैंड के जॉर्ज राम पर 10-0 से जीत के साथ 65 किग्रा वर्ग के फ्रीस्टाइल फाइनल में प्रवेश किया।

वहीं, दीपक पुनिया ने कनाडा के एलेक्जेंडर मूर को 3-1 से हराकर फ्रीस्टाइल 86 किग्रा के फाइनल में प्रवेश किया।

हालांकि भारत के मोहित ग्रेवाल कनाडा के अमरवीर ढेसी से हार गया। ग्रेवाल ने यह मुकाबला 2-12 से गंवाया।

दिव्या काकरन क्वार्टरफाइनल में हारीं, कांस्य पदक रेस में बरकरार

भारतीय पहलवान दिव्या काकरन को क्वार्टर फाइनल में हार मिली है। महिलाओं की 68 किग्रा (फ्रीस्टाइल) भारवर्ग में काकरन को नाइजीरिया की ब्लेसिंग ओबुरुडूडू ने 11-0 से हरा दिया।

रेपचेज में दिव्या की उम्मीदें कायम

पहलवान दिव्या काकरन ने 68 किग्रा वर्ग के रेपचेज राउंड-2 में जीत गई हैं। उनके पदक जीतने की उम्मीद कायम है। दिव्या ने कैमरून की ब्लैंडाइन नयेह को 4-0 से हरा दिया।

पीवी सिंधु और किदांबी श्रीकांत क्वार्टर फाइनल में

स्टार भारतीय शटलर पीवी सिंधु और किदांबी श्रीकांत ने आसान जीत के साथ क्रमश: महिला और पुरुष एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। 2018 संस्करण में रजत पदक विजेता सिंधु को युगांडा की हुसीना कोबुगाबे पर 21-10, 21-9 से जीत दर्ज की, जबकि गोल्ड कोस्ट में दूसरे सर्वश्रेष्ठ स्थान पर रहने वाले श्रीकांत ने भी पुरुष एकल में श्रीलंका के डुमिंडु अबेविक्रमा पर 21-9, 21-12 से आसान जीत दर्ज की।

महिला एकल पैरा टेबल टेनिस वर्ग 3-5 के फाइनल में पहुंची भाविना पटेल

टोक्यो पैरालिंपिक की रजत पदक विजेता भाविना पटेल ने पैरा महिला टेबल टेनिस एकल वर्ग 3-5 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड की सू बेली को 3-0 हराकर राष्ट्रमंडल खेल 2022 के फाइनल में प्रवेश किया। इसके साथ ही भाविना ने भारत के लिए कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है।

हालांकि भारत के राज अरविंदन अलागर पुरुष एकल वर्ग 3-5 के सेमीफाइनल में नाइजीरिया के नासिरू सुले से 1-3 (7-11, 11-8, 11-4, 11-7) से हारकर बाहर हो गए।

मनिका बत्रा और साथियान ज्ञानशेखरन टेबल टेनिस मिश्रित युगल स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में

मनिका बत्रा और साथियान ज्ञानशेखरन टेबल टेनिस मिश्रित युगल स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। भारतीय जोड़ी ने ओजोमु अजोक और ओमोटायो ओलाजाइड की नाइजीरियाई जोड़ी को सीधे गेम में हराया। एक और स्टार टीटी खिलाड़ी अचंता शरथ कमल ने पुरुष एकल के 16वें दौर में प्रवेश कर लिया है।

पुरुषों की 4 x 400 रिले स्पर्धा के फाइनल में पहुंची भारतीय टीम

मुहम्मद अनस, नूह निर्मल टॉम, मोहम्मद अजमल और अमोल जैकब की भारतीय चौकड़ी ने शुक्रवार को बर्मिंघम में चल रहे राष्ट्रमंडल खेल 2022 में पुरुषों की 4 x 400 रिले स्पर्धा के फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है। भारतीय टीम 3:06.97 सेकेंड के समय के साथ हीट 2 में दूसरे स्थान पर रही।

सुरक्षा कारणों से अस्थायी रूप से रोके गए कुश्ती के मैच

राष्ट्रमंडल खेल 2022 में कुश्ती की स्पर्धा को सुरक्षा कारणों से अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, कुश्ती के मुकाबलों का पहला सत्र शुरू होने के कुछ मिनट बाद छत से एक स्पीकर (जो घोषणा को रिले करने के लिए इस्तेमाल किया जाता है) गिर गया, जिसके बाद दर्शकों को हॉल खाली करने के लिए कहा गया। इस दौरान केवल पांच मुकाबलों को पूरा किया जा सका था। इसके बाद दर्शकों को हॉल खाली करने के लिए कहा गया और आयोजकों द्वारा पूरी तरह से जांच के आदेश दिये गए।

आज रात 9 बजकर 30 मिनट पर शुरू होंगे कुश्ती में पदक मुकाबले भारत के सभी पहलवानों के पास पदक जीतने का मौका

कॉमनवेल्थ गेम्स में आज भारत के छह पहलवान मैट पर उतरे हैं और सभी के पास पदक जीतने का मौका है। मेडल मैच आज रात 9:30 बजे शुरू होंगे।

भारतीय पहलवानों का आगे का कार्यक्रम

महिलाओं के 57 किग्रा भारवर्ग में स्वर्ण के लिए, अंशु मलिक बनाम ओडुनायो अदेकुओरोये (नाइजीरिया)।

पुरुषों के 65 किग्रा में स्वर्ण के लिए, बजरंग पुनिया बनाम लछलन मैकनील (कनाडा)।

महिलाओं के 62 किग्रा में स्वर्ण के लिए, साक्षी मलिक बनाम एना गोडिनेज गोंजालेज (कनाडा)।

पुरुषों के 86 किग्रा में स्वर्ण के लिए, दीपक पुनिया बनाम मुहम्मद इनाम (पाकिस्तान)।

महिलाओं के 68 किग्रा में कांस्य के लिए, दिव्या काकरान बनाम टाइगर लिली कॉकर लेमालियर (टोंगा)।

पुरुषों के 125 किग्रा में कांस्य के लिए, मोहित ग्रेवाल बनाम आरोन जॉनसन (जमैका)।

आज रात भारत के मुकाबले

हॉकी में आज रात 10:30 बजे महिला सेमीफ़ाइनल में भारत का सामना ऑस्ट्रेलिया से होगा, जबकि 12 बजकर 45 मिनट पर स्टार स्प्रिंटर हिमा दास आज देर रात महिलाओं की 200 मीटर सेमीफाइनल में भाग लेंगी।

Leave a Reply

Top