You are here
Home > MP > प्रदेश सरकार द्वारा दो हजार करोड़ का कर्ज लेने पर कांग्रेस ने कसा तंज

प्रदेश सरकार द्वारा दो हजार करोड़ का कर्ज लेने पर कांग्रेस ने कसा तंज

भोपाल। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता संतोष सिंह परिहार ने मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा आए दिन कर्ज लिए जाने और प्रदेश की जनता पर इस कर्ज का बोझ डालने पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार तीन लाख करोड़ से अधिक के कर्ज बोझ से दबी हुई हैं, उसके बावजूद भी सरकार द्वारा आर्थिक प्रबंधन पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। सरकार योजनाओं के क्रियान्वय के बजाय उनकी लांचिंग, इवेंट और उसके प्रचार-प्रसार पर अधिक खर्च कर झूठी वाहवही लूटने मंे लगी हुई है।


श्री परिहार ने कहा कि महाकाल लोक के लोकार्पण पर ही करोड़ों रुपए बेवजह खर्च कर दिए गए। इसी तरह हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भोपाल तथा ग्वालियर में दो कार्यक्रमों का आयोजन सरकारी खर्चें पर कराया गया और इन पर भी करोड़ों रूपयें खर्च किये गये। यहीं नहीं दोनों कार्यक्रमों में भीड़ जुटाने के लिए पांच सौ से ज्यादा बसें लगाई गई थीं। उन्होंने कहा कि यह तो ताजा उदाहरण हैं, जिनके कारण सरकार का खजाना फिर खाली हो गया और उसे पिछले दो माह के दौरान दो हजार करोड़ का कर्ज और लेना पड़ गया।


श्री परिहार ने कहा कि एक तरफ सरकार योजनाओं की लांचिंग पर बेतहाशा खर्च कर रही है, मुख्यमंत्री के व्यक्तिगत प्रचार पर करोड़ों खर्च कर किये जा रहे हैं, लेकिन सरकार कर्मचारियों और पेंशनरों को देने के लिए पैसे का रोना रोती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की इंवेट और प्रचार-प्रसार की वाहवाही की वजह से प्रदेश कर्ज के बोझ में दबता चला जा रहा है। जनता सरकार की फिजूलखर्ची देख रही है और समय आने पर भाजपा को इसका जवाब भी देगी।

Top