You are here
Home > Politics > आजादी के अमृत महोत्सव पर कांग्रेस ने राजधानी भोपाल में निकाली तिरंगा यात्रा

आजादी के अमृत महोत्सव पर कांग्रेस ने राजधानी भोपाल में निकाली तिरंगा यात्रा

भोपाल। आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने पर मनाये जा रहे अमृत महोत्सव पर्व पर अभा कांग्रेस द्वारा 9 अगस्त से 15 अगस्त तक पूरे देश में तिरंगा पद यात्रा निकाली जा रही है। इसी तारतम्य में मप्र में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के आव्हान पर पूरे प्रदेश में भी तिरंगा पद यात्रा निकाली जा रही है।

राजधानी भोपाल में बुधवार को मध्य विधानसभा क्षेत्र के विधायक आरिफ मसूद के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने लगभग 10 किलोमीटर तक की तिरंगा पद यात्रा निकाली। यह तिरंगा यात्रा राजधानी भोपाल के औरा मॉल से आरंभ होकर माखनलाल चतुर्वेदी चौराहे, स्वेता काम्पलेक्स, ईश्वर नगर के अंदर से होते हुए लक्ष्मण नगर, सब्जी फार्म, ऊपर मल्टी, अंबेडकर भवन के पास से होते हुए कचरा प्लांट, मीरा नगर होते हुए हनुमान मंदिर जनता क्वार्टर पर समाप्त हुई।इस दौरान विधायक आरिफ मसूद ने कहा कि तिरंगे का सम्मान करना हर भारतवासी का दायित्व है, चाहे वह किसी भी धर्म का क्यों न हो।

उन्होंने कहा कि देश को परतंत्रता की जंगीरों और अंग्रेजी हुकूमत से आजाद कराने अनेकों महान वीरों ने अपने प्राणों की आहूती दी है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, सरदार वल्लभ भाई पटेल, पं. जवाहर लाल नेहरू, मौलाना अबुल कलाम आजाद, लाल बहादुर शास्त्री, चंद्रशेखर आजाद, सुभाष चंद्र बोस जैसे अनेकों महान वीर सपूतों ने भारत को आजाद कराने में अपने प्राणों की आहूती दे दी।उन्होंने कहा कि हिंदु, मुस्लिम, सिक्ख, ईसाई सभी धर्मों के लोगों ने एक साथ खड़े होकर देश की आजादी के लिए संघर्ष किया और जिससे हम आज स्वतंत्र भारत में चैन की सांस ले पा रहे हैं। हमारे राष्ट्रीय ध्वज का मान-सम्मान, स्वाभिमान और गौरव को अक्षुण्ण बनाये रखने के लिए सभी धर्मों के लोग एक झंडे ‘तिरंगा’ के नीचे एक साथ खड़े हैं। जो पूरे विश्व की अनूठी मिसाल है।

Leave a Reply

Top