You are here
Home > Politics > दिग्विजय सिंह ने कमलनाथ को लिखा पत्र, कहा-भारत जोड़ो यात्रा के पोस्टर होर्डिंग्स में मुझे दूर रखें

दिग्विजय सिंह ने कमलनाथ को लिखा पत्र, कहा-भारत जोड़ो यात्रा के पोस्टर होर्डिंग्स में मुझे दूर रखें

भोपाल। मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह के एक पत्र की राजनीतिक गलियारों में खूब चर्चा हो रही है। दरअसल यह पत्र दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने को लिखा है। जिसमें उन्होंने खुद को भारत जोड़ो यात्रा के पोस्टर होर्डिंग्स में अपनी तस्वीर न लगाने को कहा है।

दिग्विजय सिंह ने अपने पत्र में लिखा है कि मुझे होर्डिंग, पोस्टर से दूर रखा जाए। भारत जोड़ो यात्रा के ऑफिसियल बैनर-पोस्टर में मेरी तस्वीर न लगाई जाए। यात्रा के पोस्टर में सिर्फ सोनिया गांधी, राहुल गांधी, खडग़े और कमलनाथ की ही तस्वीरें हों। दिग्विजय सिंह ने तर्क दिया है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा तैयार की जा रही सामग्री में पार्टी की पूर्व अध्यक्ष के नाते सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की फोटो के साथ-साथ प्रदेश अध्यक्ष के नाते आपकी (कमल नाथ) फोटो का उपयोग किया जाना उचित होगा।दिग्विजय सिंह ने यह भी लिखा है कि प्रदेश में सभी जिलों से चल रही उप यात्राओं से लगता है कि आपके नेतृत्व में मध्य प्रदेश में भी यात्रा को जनसामान्य का भारी समर्थन मिलेगा। तामिलनाडु केरल, कर्नाटक, आंध्रप्रदेश और तेलंगाना राज्य में यात्रा को अभूतपूर्व सफलता मिली है। देश में पिछले 7-8 सालों से व्याप्त नफरत के विरुद्ध प्यार और सद्भावना के संदेश को लेकर चल रही यात्रा का लाखों लोगों ने दिल खोलकर स्वागत किया है। दिग्विजय सिंह ने आगे लिखा कि जहां कहीं भी मेरे सहयोग की आपको आवश्यकता हो, मैं सदैव आपके साथ हूं। मैं अपनी ओर से मध्य प्रदेश में यात्रा की सफलता के लिए शुभकामनाएं देता हूं।

गौरतलब है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा जल्द ही मध्य प्रदेश आने वाली है। 19 नवंबर तक भारत जोड़ो यात्रा बुरहानपुर के रास्ते मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी। 2023 में होने वाले मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिहाज से यह राहुल गांधी की यह यात्रा कांग्रेस के लिए अहम मानी जा रही है। इस यात्रा में मध्य प्रदेश कांग्रेस के कई नेता एक्टिव है। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह इस यात्रा के प्रभारी है और लगातार यात्रा में राहुल गांधी के साथ चल रहे हैं। लेकिन वह कांग्रेस के किसी भी पोस्टर में नजर नहीं आएंगे।

Top