You are here
Home > MP > बर्फबारी थमने से लगा ठंड पर ब्रेक, पांच दिन ऐसा ही रहेगा मौसम

बर्फबारी थमने से लगा ठंड पर ब्रेक, पांच दिन ऐसा ही रहेगा मौसम

भोपाल। हिमालय में बर्फबारी थमने से मध्यप्रदेश में पड़ रही हल्की ठंड पर भी ब्रेक लग गया है। दिवाली के दूसरे दिन से वातावरण में हल्की सी गर्मी महसूस हो रही है और दिन तथा रात के तापमान में भी उछाल देखने को मिला है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अभी पांच दिन तक इसी तरह का तापमान रहेगा।मध्यप्रदेश में बीते 48 घंटे में मौसम में बदलाव देखने को मिला है। दिवाली तक दिन-रात का तापमान सामान्य से तीन डिग्री तक नीचे आ गया था, लेकिन उसके बाद यह दो से तीन डिग्री ऊपर चला गया है। इस कारण दिन और रात में हल्की गर्मी का अहसास होने लगा है। हालांकि अभी भी सुबह-सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक महसूस हो रही है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिम विक्षोभ अभी कमजोर हैं। हवाएं हिमालय के काफी ऊपर से गुजर रही हैं। यही कारण है कि मौसम शुष्क होने पर भी ज्यादा ठंड नहीं पड़ रही। हिमालय में बर्फबारी नहीं होने से हवाएं स्ट्रांग नहीं हैं। बर्फबारी से हवाएं स्ट्रांग होंगी और यह नीचे की तरफ आएंगी। इसके बाद मध्यप्रदेश में भी ठंडक का असर दिखाई देने लगेगा।

नॉर्थ-ईस्ट मानसून के बाद रफ्तार पकड़ेगी सर्दीहुसैन ने बताया कि अभी साउथ ईस्ट मानसून था, अब 29 अक्टूबर से नॉर्थ ईस्ट मानसून शुरू हो रहा है। इससे तमिलनाडु, कर्नाटक और केरल के कई इलाकों में अच्छी बारिश होगी। हालांकि मध्यप्रदेश में बारिश के आसार नहीं हैं। इसके बाद ही मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ना शुरू होगी। मौसम विभाग के अनुसार दिसंबर, जनवरी और फरवरी में अच्छी सर्दी रहती है। फिलहाल तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो दिन का पारा 32 से 34 डिग्री के बीच रहेगा, जबकि रात का तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। अभी कई इलाकों में तापमान 14 डिग्री के नीचे आ गया था, जबकि दिन का तापमान 32 डिग्री के नीचे आ गया था। अब फिर से इसमें दो से तीन डिग्री का उछाल हो रहा है।

Top