You are here
Home > Politics > मप्र में बालगृहों और संप्रेक्षण गृहों में नहीं परोसा जाएगा अंडा व मांसाहार – गृह मंत्री

मप्र में बालगृहों और संप्रेक्षण गृहों में नहीं परोसा जाएगा अंडा व मांसाहार – गृह मंत्री

भोपाल। मध्य प्रदेश में बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग ने गत दिवस एक आदेश जारी कर बालगृहों और बाल संप्रेक्षण गृहों में किशोरों को अंडा व मांसाहार परोसने की बात कही गई थी। इसे प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा है कि मध्य प्रदेश में अंडे का फंडा नहीं चलेगा। बालगृहों और संप्रेक्षण गृहों में किशोरों को अंडा नहीं परोसा जाएगा।

गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा रविवार को मीडिया से बातचीत कर रहे थे। पत्रकारों के सवाल के जवाब में डॉ मिश्र ने राज्य के 150 से ज्यादा बाल गृहों, बाल आश्रय गृहों और बाल संप्रेक्षण गृहों में रहने वाले किशोरवय बच्चों को चिकन और अंडा नहीं परोसा जाएगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में नहीं चलेगा अंडे का फंडा! यहां इसे किसी भी हालत में चलने भी नहीं देंगे। यह जो विषय आया है, मेरे ख्याल से भ्रम की स्थिति है। इस तरह का कोई भी प्रस्ताव सरकार के पास विचाराधीन नहीं है और लागू भी नहीं किया जाएगा।

पत्रकारों से वार्ता के दौरान गृह मंत्री डॉ. मिश्रा ने कांग्रेस और कमलनाथ पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कमलनाथ हवा-हवाई नेता है। कोई बताए कि क्या उन्होंने बीते एक साल में सड़क मार्ग से एक भी दौरा किया है। कांग्रेस पार्टी में निष्क्रिय लोगों की छंटनी में सबसे पहले खुद कमलनाथ का ही नाम आ जाएगा। पंद्रह महीने की अपनी सरकार में उन्होंने बेरोजगारों को नौकरी नहीं दी। आज शिवराज सरकार नौकरी दे रही है तो कमलनाथ जी को पीड़ा हो रही है। भाजपा सरकार में हर महीने रोजगार मेले आयोजित कर युवाओं को रोजगार दिए जा रहे हैं।

उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा और दिल्ली में प्रदर्शन को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा से पहले ही कांग्रेस टुकड़े-टुकड़े हो रही है। दिल्ली की जगह कांग्रेस को झारखंड में प्रदर्शन करना चाहिए। कांग्रेस पार्टी को बचाने की यह आखिरी कोशिश भी बेकार जाएगी। उन्होंने मीडिया को प्रदेश में कोरोना की स्थिति से भी अवगत कराया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 46 नए केस आए हैं, वहीं 79 मरीज ठीक हुए हैं। वर्तमान में प्रदेश में कुल एक्टिव केस 289, संक्रमण दर 0.70 फीसदी और रिकवरी रेट 98.70 फीसद है।

Leave a Reply

Top