You are here
Home > business > दुनिया के दूसरे सबसे अमीर शख्स बने गौतम अडाणी

दुनिया के दूसरे सबसे अमीर शख्स बने गौतम अडाणी

नई दिल्ली। अडाणी समूह के चेयरमैन गौतम अडाणी दुनिया के दूसरे सबसे अमीर शख्स बन गए हैं। अडानी इस मुकाम पर पहुंचने वाले एशिया के पहले शख्स हैं। फोर्ब्स रियल टाइम बिलिनेयर इंडेक्स के मुताबिक अडानी 153.2 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ दुनिया के सबसे अमीर शख्स की सूची में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। अडाणी ने ये मुकाम फ्रांसीसी व्यवसायी बर्नार्ड अर्नाल्ट को पछाड़कर हासिल किया है।

फोर्ब्स रियल टाइम बिलिनेयर इंडेक्स के ताजा रिपोर्ट के मुताबिक दुनिया के सबसे अमीर शख्स की सूची में टेस्ला के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एलन मस्क 273.5 अरब डॉलर नेटवर्थ के साथ पहले नंबर पर हैं। इस सूची में फ्रांसीसी कारोबारी बर्नार्ड आरनॉल्ट 153.1 अरब डॉलर नेटवर्थ के साथ तीसरे और अमेजन के फाउंडर जेफ बेजोस 149.7 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ चौथे नंबर पर हैं।सूची के मुताबिक गुरुवार को अडाणी की नेटवर्थ में 5 अरब डॉलर का इजाफा हुआ, जबकि आरनॉल्ट की नेटवर्थ में 3.1 अरब डॉलर और जेफ की नेटवर्थ में 2.3 अरब डॉलर की गिरावट आई है।

फोर्ब्स रियल टाइम बिलिनेयर इंडेक्स के मुताबिक गौतम अडाणी और एलन मस्क ही ऐसे शख्स हैं, जिनकी दौलत पिछले 24 घंटे के दौरान बढ़ी है।दरअसल जनवरी 2022 से अबतक गौतम अडाणी की कुल संपत्ति में 60.9 अरब डॉलर से ज्यादा का इजाफा हुआ है। ये देश के अन्य अमीरों की तुलना में 5 गुना ज्यादा है। अडाणी ने इस साल की शुरुआत में ही रिलायंस समूह के प्रमुख मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ दिया था। इसके साथ ही वे भारत और एशिया के सबसे रईस शख्स बने थे।

Top