You are here
Home > Politics > गुलाम नबी अब स्वयं हो गए आजादः ज्योतिरादित्य सिंधिया

गुलाम नबी अब स्वयं हो गए आजादः ज्योतिरादित्य सिंधिया

ग्वालियर। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि कांग्रेस में अब माहौल ठीक नहीं है, इसलिए आजाद जैसे नेता भी छोड़ रहे हैं। कई महीनों और सालों से स्पष्ट है कि कांग्रेस की अंदरुनी स्थिति क्या है। मैं तो भाजपा का कार्यकर्ता हूं, लेकिन गुलाम नबी आजाद अब अब स्वयं कांग्रेस से आजाद हो गए हैं।

केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने उक्त बातें शनिवार को ग्वालियर प्रवास के दौरान मीडिया द्वारा गुलाम नबी आजाद के कांग्रेस से इस्तीफा देने प पूछे गए सवाल के जवाब देते हुए कही। दरअसल, सिंधिया शुक्रवार देर रात दो दिवसीय प्रवास पर ग्वालियर पहुंचे और रात्रि विश्राम के बाद शनिवार को सुबह बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर निकल गए। श्योपुर जिले के दौरे पर निकलने से पूर्व उन्होंने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि मैं बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने के लिए जा रहा हूं, समूचे अंचल के बाढ़ प्रभावित इलाकों में जा रहा हूं। संकट के समय क्षेत्र की जनता का हौसला बढ़ाने बढ़ाने के लिए जा रहा हूं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए तैयार है। मुख्यमंत्री ने स्वयं क्षेत्र का दौरा किया है। बाढ़ के बीच में फंसे एक-एक व्यक्ति को गांव से वायु सेना के हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू करके सुरक्षित स्थान या कैंप तक पहुंचाया गया है। वहां किस तरह की राहत दी जा रही है और क्या जरूरत है, इसकी जानकारी लेकर बाढ़ में फंसे हमारे भाइयों के लिए हर संभव मदद का प्रयास करूंगा।

इसके बाद सिंधिया चम्बल में आई बाढ़ से प्रभावित जिलों भिंड-मुरैना और श्योपुर के दौरे पर रवाना हो गए। उन्होंने सबसे पहले श्योपुर जिले के जलालपुर में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का सर्वेक्षण कर प्रभावित नागरिकों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत दल को तैनात कर सर्वे किया जा रहा है और पीड़ित व्यक्तियों को हर संभव मदद देने के प्रयास भी लगातार जारी हैं। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा और कुशल-क्षेम सुनिश्चित करने के लिए तत्परता से कार्य कर रहे हैं। सरकार हर क्षण हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है।

उल्लेखनीय है कि बीते तीन-चार दिनों से चम्बल नदी ने रौद्र रूप धारण कर रखा है। शुक्रवार को चम्बल का जलस्तर खतरे के निशान से करीब नौ मीटर उपर था। हालांकि, शनिवार को जल स्तर में कम हुआ है, लेकिन ग्वालियर-चंबल संभाव के कई गांव अब भी बाढ़ की चपेट में है। श्योपुर, मुरैना, भिंड व गुना के करीब 500 से ज्यादा गांव नदियों में आए उफान के कारण प्रभावित हो गए हैं। इसी कारण केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने ग्वालियर के दो दिवसीय दौरे को बाढ़ प्रभावित दौरों में बदल दिया है।

Leave a Reply

Top