You are here
Home > business > भारत के ‘स्टील मैन’ जमशेद जे ईरानी का निधन

भारत के ‘स्टील मैन’ जमशेद जे ईरानी का निधन

नई दिल्ली। टाटा स्टील के पूर्व प्रबंध निदेशक और भारत के ‘स्टील मैन’ के नाम से मशहूर जमशेद जे. ईरानी का सोमवार रात निधन हो गया। उन्होंने 85 साल की उम्र में रात 10:00 बजे जमशेदपुर में अंतिम सांस ली। टाटा स्टील ने ईरानी के निधन की जानकारी दी है।

टाटा स्टील ने मंगलवार को कहा है – ‘स्टील मैन ऑफ इंडिया’ अब नहीं रहे। पद्म विभूषण डॉक्टर जमशेद जे इरानी के निधन की जानकारी देते हुए टाटा ग्रुप ने दुख जताया है। ईरानी चार दशक से ज्यादा टाटा स्टील से जुड़े रहे। वह 43 साल की विरासत को पीछे छोड़ते हुए जून 2011 में टाटा स्टील बोर्ड से सेवानिवृत्त हुए थे।

जमशेद जे ईरानी ने ब्रिटेन के यूनिवर्सिटी ऑफ शेफील्ड में शिक्षा ग्रहण की थी। 1960 में मास्टर डिग्री कंप्लीट करने के बाद 1963 में पीएचडी की पढ़ाई पूरी की थी। विदेश में शिक्षा ग्रहण करने और पेशेवर जीवन की शुरुआत करने के बाद ईरानी 1968 में ‘टाटा आयरन एंड स्टील कंपनी’ (अब टाटा स्टील) में शामिल होने के लिए भारत लौट आए। वे कंपनी से अनुसंधान और विकास के प्रभारी निदेशक के सहायक के तौर पर जुड़े।

उल्लेखनीय है कि जमशेद जे ईरानी ने टाटा स्टील और टाटा संस के अलावा टाटा मोटर्स और टाटा टेलिसर्विसेज सहित टाटा समूह की कई कंपनियों के निदेशक के तौर पर भी काम किया। ईरानी के परिवार में पत्नी डेजी ईरानी और तीन बच्चे जुबिन, निलोफर और तनाज हैं।

Top