You are here
Home > Politics > कमलनाथ ने केन्द्रीय मंत्री पर लगाया शिवाजी महाराज के अपमान का आरोप

कमलनाथ ने केन्द्रीय मंत्री पर लगाया शिवाजी महाराज के अपमान का आरोप

भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने केन्द्रीय पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह पर मराठा गौरव शिवाजी महाराज के अपमान का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि केन्द्रीय मंत्री द्वारा छिंदवाड़ा जिले के प्रवास के दौरान शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर बेमन से माल्यार्पण कर भारत माता की जय नारे रुकवाए। उन्होंने इस रवैए की कड़ा निदा करते हुए कहा है कि इसके लिए उन्हें देश की जनता से माफी मांगने चाहिए।

दरअसल, केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह इन दिनों छिंदवाड़ा जिले के तीन दिवसीय प्रवास पर हैं। वे गुरुवार को सौंसर पहुंचे थे। यहां कार्यकर्ताओं ने उनसे छत्रपति शिवाजी महाराज को माल्यार्पण करने का निवेदन किया तो उन्होंने कहा कि ये मेरे प्रोटोकॉल में नहीं। कमनलाथ ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर इसका वीडियो शेयर किया है, जिसमें केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को शिवाजी महाराज पर माल्यार्पण करते हुए दिखाया गया है। वीडियो में केन्द्रीय मंत्री एक भाजपा कार्यकर्ता पर नाराजगी जाहिर करते हुए नजर आ रहे हैं।

कमलनाथ ने वीडियो के साथ एक पोस्ट की है, जिसमें उन्होंने लिखा है कि केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह द्वारा छिन्दवाड़ा जिले में राजनीतिक लाभ की परिकल्पना के दौरान सौंसर में पूज्य देश के मराठा गौरव शिवाजी महाराज जी पर बेमन से माल्यार्पण एवं भारत माता की जय के नारे रुकवाकर भाजपा कार्यकर्ताओं पर अभद्र टिप्पणी बेहद निंदजनक एवं अपमानजनक है। मंत्री जी छिन्दवाड़ा जिले की जनता अति भावुक एवं अतिथि के सम्मान में सदैव समर्पित रहती है। ऐसे में आपका उनके प्रति कठोर रवैया एवं दौरे का बहाना कर पूज्य शिवाजी महाराज के अपमान की मैं कड़ी निंदा करता हूँ। आपको इस कृत्य पर जिले एवं देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह गुरुवार को तीन दिवसीय प्रवास पर छिंदवाड़ा पहुंचे हैं। यहां उन्होंने पहले दिन भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक के अलावा विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया। छिंदवाड़ा में गिरिराज सिंह के आगमन को लेकर खासी तैयारियां की गई थी। उत्साह से लबरेज भाजपा कार्यकर्ता उनके स्वागत में काफी देर पहले से धूप में खड़े थे। जब वे सौसर पहुंचे तो कार्यकर्ताओं ने उनसे शिवाजी महाराज को माल्यार्पण करने का अनुरोध किया। इसी बात पर वे भड़क गए। भाजपा के एक कार्यकर्ता ने बताया कि उन्होंने कहा कि ये हमारे प्रोटोकॉल में नहीं है। हालांकि, बाद में उनका गुस्सा थोड़ा कम हुआ और वे माल्यार्पण करने के लिए तैयार हुए।

Leave a Reply

Top