You are here
Home > Politics > कमलनाथ ने सरकार से की उचित कीमतों में लहसुन खरीदी की मांग

कमलनाथ ने सरकार से की उचित कीमतों में लहसुन खरीदी की मांग

भोपाल। मध्य प्रदेश में लहसुन उत्पादक किसानों में उचित दाम नहीं मिलने से निराश और आक्रोश में है। लहसुन की शुरुआत से ही कम कीमत रही, जिसके चलते किसानों को लागत निकालना भी मुश्किल हो गया। लगातार किसान संगठन बाजार हस्तक्षेप योजना में लहसुन खरीद की मांग कर रहे हैं। वहीं अब पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने भी सरकार से उचित कीमतों पर लहसुन खरीदी करने की मांग की है।

कमलनाथ ने बुधवार को किसानों का समर्थन करते हुए कहा है कि प्रदेश के लहसुन के किसानों ने अथक परिश्रम से इस बार लहसुन की बंपर फसल पैदा की, लेकिन किसानों को अपना लहसुन मंडियों में 45 पैसे प्रति किलो तक बेचना पड़ रहा है। सरकार की इस अव्यवस्था से नाराज किसान प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

उन्होंने आग्रह करते हुए कहा कि मैं प्रदेश सरकार से आग्रह करता हूं कि अन्नदाता की पीड़ा को समझें। किसान को लहसुन का उचित मूल्य मिले, इसकी तुरंत व्यवस्था की जाए। याद रखें कि मोदी सरकार ने 2022 में किसानों की आमदनी दोगुनी करने का वादा किया था लेकिन यहां तो उन्हें अपना लहसुन माटी मोल बेचना पड़़ रहा है।

Leave a Reply

Top