You are here
Home > Politics > लाखन सिंह ने कहा कि जनता ने समस्या हल करने भेजा था, माननीय सौदेबाज बन गए

लाखन सिंह ने कहा कि जनता ने समस्या हल करने भेजा था, माननीय सौदेबाज बन गए

जनता ने चुन कर विधानसभा में इसलिए भेजा था कि जीतने के बाद जनता की समस्याओं का निराकरण करेंगे। लेकिन ये बिकाऊ माननीय सौदेबाजी में लग गए। सौदेबाजी की हद तो देखिए कि जब विधायक बेंगलुरु गए थे, तब बहुत सारे विधायक हमारे संपर्क में थे। भाडेंर की तत्कालीन विधायक रक्षा सरोनिया जब बेंगलुरु में थीं तब उनके पति संतराम कांग्रेस के संपर्क में थे। संतराम ने कहा था कि बीजेपी ने 35 करोड़ रूपए दिए हैं, आप 40 करोड़ दे दो तो हम वापस आ जाएंगे

यह आरोप पूर्वमंत्री लाखन सिंह ने भांडेर में आयोजित सभा में लगाया। लाखन सिंह शुक्रवार को पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा के साथ भांडेर के दौरे पर थे। वहां उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी फूलसिंह बरैया के समर्थन में प्रचार किया।

देश का लोकतंत्र खतरे में हैः सज्जन सिंह वर्मा

सज्जन सिंह वर्मा ने बीजेपी को लोकतंत्र का हत्यारा कहा। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने लोकतंत्र की हत्या करके सरकार बनाई है, जिसे हम उखाड़ फेकेंगे। कांग्रेस छोड़ बसपा में शामिल हुए पूर्व गृहमंत्री महेंद्र बौद्ध पर भी जुबानी हमला बोला। उन्होंने कहा कि बौद्ध को पार्टी ने संसदीय सचिव बनाया, अनुसूचित जाति का प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय अनुसूचित जाति का सदस्य बनाया। सज्जन सिंह वर्मा ने बौद्ध पर चुटकी लेते हुए कहा कि क्या अब उन्हें राष्ट्रपति बना देते।

पूर्वमंत्री लाखन सिंह ने कहा कि बागी विधायकों ने जनता की भावनाओं को बेचा है, जनता के वोट का अपमान किया है, मताधिकार को बेचा है। लाखन सिंह ने जनता से अपील की है कि वह बागी विधायकों को सबक सिखाए।

गौरतलब है कि मध्यप्रदेश में 28 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं। इन्ही में से एक सीट भांडेर है, यह अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीट है। यहां से कांग्रेस के टिकट पर रक्षा सरौनिया ने जीत हासिल की थी। अब उपचुनाव में कांग्रेस से फूलसिंह बरैया मैदान में हैं।

Leave a Reply

Top