You are here
Home > Politics > महिलाओं के अधिकार और न्याय के लिए महिला कांग्रेस सड़कों पर उतरेगी : विभा पटेल

महिलाओं के अधिकार और न्याय के लिए महिला कांग्रेस सड़कों पर उतरेगी : विभा पटेल

भोपाल। मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष एवं पूर्व महापौर विभा पटेल ने प्रदेश सरकार पर तंज करते हुए कहा कि लाड़लियों के हक में बड़े-बड़े दावे करने वाले मामा (मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान) के राज में न तो मासूम लाड़लिया सुरक्षित हैं और न ही महिलाएं सुरक्षित हैं।अपराधियों में सरकार का कोई खौफ नहीं है। नतीजा प्रदेश में हर दिन किसी न किसी जिले से रोजाना 6-8 दुष्कर्म, महिला अत्याचार की पीड़ादायक घटनाएं घटित हो ही जाती हैं।

उन्होंने कहा कि हाल ही में भोपाल के हबीबगंज और अशोका गार्डन इलाके में हुई दुष्कर्म की घटनाओं से शहर में लचर कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर सवालिया निशान लगा दिया है। इसी तरह गुना की दुखद घटना के बाद हाल ही में खंडवा से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है।विभा पटेल ने कहा कि सिर्फ इतना ही नहीं नेशनल क्राइम ब्यूरो (एनसीआरबी) की एक रिपोर्ट के अनुसार मप्र में वर्ष 2021 में दुष्कर्म के 2,947 केस दर्ज हुए हैं । आज देश के मानचित्र पर प्रदेश- शहरों में अब भोपाल समेत समूचा मध्य प्रदेश महिलाओं के लिए सबसे ज्यादा असुरक्षित नजर आने लगा है। मासूम बच्चियों से ज्यादती और पॉक्सो एक्ट में मध्य प्रदेश की छवि नंबर वन की बन गई हैं जो प्रदेश के लिए बेहद शर्मनाक है।

विभा पटेल ने आरोप लगाते हुए कहा कि ये दुर्भाग्यपूर्ण है कि अपराधियों का चौतरफा आतंक होने से अब महिलाओं, युवतियों समेत बच्चियों का सडक़ पर निकलना दुश्वार हो गया है लेकिन सरकार को फुर्सत नहीं है। इससे प्रतीत होता है कि शिवराज सिंह चौहान की सरकार संवेदना विहीन है। विभा पटेल ने कहा कि महिलाओं के अधिकार और न्याय के लिए महिला कांग्रेस सडक़ों पर उतरेगी, उनकी आवाज बनेगी। रामधुन गाती हुई लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराएगी।

Top