You are here
Home > MP > मप्र भाजपा प्रवक्ता उमेश शर्मा का हृदयाघात से निधन

मप्र भाजपा प्रवक्ता उमेश शर्मा का हृदयाघात से निधन

भोपाल/ इंदौर। मध्य प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता उमेश शर्मा का रविवार शाम हृदयाघात से निधन हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गुजरात चुनाव में ड्यूटी से लौटने के बाद शर्मा को आज सीने में दर्द की शिकायत हुई। इसके बाद उन्हें निजी अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया था, जहां उनका निधन हो गया। उनके निधन की खबर से राजनीति जगत में शोक की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा समेत अनेक नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। भाजपा के साथ कांग्रेस नेताओं ने भी उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि दी है।

बता दें कि भाजपा प्रवक्ता उमेश शर्मा को हाल ही में बड़ी जिम्मेदारी मिली थी। उन्हें गुजरात विधानसभा चुनाव में प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। गुजरात चुनाव में ड्यूटी से लौटने के बाद अचानक सीने में तेज दर्द शुरू हुआ, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया, लेकिन इस दौरान उनका निधन हो गया। उमेश शर्मा का नाम इंदौर में शहर अध्यक्ष और महापौर के लिए भी आगे आ चुका था। वे दोनों पदों के लिए बड़े दावेदार माने जा रहे थे। शर्मा का निधन उस वक्त हुआ जब सीएम शिवराजसिंह चौहान इंदौर में ही हैं। सीएम शिवराज ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर के बाद राबट्र्स नर्सिंग होम जाएंगे और पार्थिव देह का दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

सीएम शिवराज ने जताया दुख

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उमेश शर्मा के निधन के बाद ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा ‘भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के प्रखर प्रवक्ता उमेश शर्मा जी के आकस्मिक निधन का हृदय विदारक समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान और परिजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं। विनम्र श्रद्धांजलि।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने जताया शोक

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी उमेश शर्मा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा भाजपा प्रदेश प्रवक्ता उमेश शर्मा जी के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत हृदय विदारक है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में विश्रांति दें एवं शोकाकुल परिजनों को इस वज्रपात को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। भावपूर्ण श्रद्धांजलि!

Leave a Reply

Top