You are here
Home > News > मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष बृजमोहन सिंह परिहार का निधन

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष बृजमोहन सिंह परिहार का निधन

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष और ग्वालियर के नेता बृजमोहन परिहार का मंगलवार सुबह 4.30 बजे गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। कोरोना संक्रमित होने के कारण कोरोना प्रोटोकॉल के अनुसार उनका अंतिम संस्कार वहीं किया जाएगा। परिहार के निधन की खबर से ग्वालियर सहित पूरे प्रदेश के कांग्रेस पार्टी में शोक की लहर फैल गई है। 

कांग्रेस के चंबल-भिंड मीडिया प्रभारी केके मिश्रा ने कहा कि ग्वालियर-चम्बल संभाग के कद्दावर नेता, जिंदगी भर सामंतवाद के खिलाफ संघर्ष करने वाले,प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष बृजमोहन सिंह परिहार आज बीमारी से परास्त हो गए। अलसुबह उन्होंने हम सभी का साथ छोड़ दिया, ईश्वर इस गांधीवादी, सिद्धांतवादी नेता को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें। 

कमलनाथ ने जताया दुख

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष (पूर्व मुख्यमंत्री) कमलनाथ ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष वरिष्ठ कांग्रेस नेता बृजमोहन परिहार के दु:खद निधन पर अपनी गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा बहुत ही दु:खद खबर है कि श्री परिहार का आज निधन हो गया, मैं उनके निधन से बहुत ही स्तब्ध और दु:खी हूं। परमपिता परमेश्वर दिवंगत उनको अपने श्रीचरणों में स्थान दे तथा शोकाकुल परिवार को इस दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें, यही मेरी ईश्वर से प्रार्थना है।

प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारियों ने भी शोक संवेदना व्यक्त की

बृजमोहन परिहार के असमयिक दुखद निधन पर प्रदेश कांगे्रस पदाधिकारीगण चंद्रप्रभाष शेखर, प्रकाश जैन, राजीव सिंह, जीतू पटवारी, नरेन्द्र सलूजा ,भूपेन्द्र गुप्ता ,मो. सलीम, राजकुमार पटेल, अभय दुबे, जे.पी. धनोपिया, रवि सक्सेना, विभा पटेल, दुर्गेश शर्मा सहित सभी पदाधिकारियों ने शोक संवेदना व्यक्त कर ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की, ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करे।

Leave a Reply

Top