You are here
Home > MP >  नौ साल की बालिका की दुष्कर्म के बाद हत्या, आरोपित गिरफ्तार

 नौ साल की बालिका की दुष्कर्म के बाद हत्या, आरोपित गिरफ्तार

नर्मदापुरम। जिले के आदिवासी ब्लॉक केसला में दुष्कर्म के बाद एक नौ साल की बालिका की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित बालिका का सगा फूफा बताया गया है। बताया गया है कि उसने बालिका के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी और शव जंगल में फेंक दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

केसला थाना पुलिस के अनुसार, घटना शुक्रवार की है। सुबह बालिका के माता-पिता मजदूरी के लिए गए थे। घर पर बालिका और उसका फूफा ही था। शाम को जब माता-पिता घर लौटे तो बालिका घर पर नहीं मिली। परिजनों ने उसकी आसपास तलाश की और जब उसका कहीं पता नहीं चला तो शुक्रवार को देर रात थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद बालिका की तलाश शुरू की। जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरण सिंह भी रात 11 बजे मौके पर पहुंच गए।

थाना प्रभारी गौरव बुंदेला ने बताया कि पुलिस ने बालिका की तलाश शुरू की तो पड़ोसियों से पता चला कि उन्होंने बालिका को उसके फूफा के साथ जंगल की तरफ जाते देखा था। पुलिस ने फूफा से पूछताछ की तो उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन जब सख्ती की तो उसने बच्ची से दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर शव को जंगल में फेंकने की बात बताई। हालांकि, वह नशे में होने से स्पष्ट नहीं बता पा रहा था कि किस स्थान पर बच्ची को फेंका है। इसके बाद एसपी के निर्देश पर एडीओपी, पांच निरीक्षक स्तर के अधिकारी, करीब 70 पुलिसकर्मी और एफएसएल टीम के साथ ताकू प्रूफ रेंज के जंगल में बालिका की सर्चिंग की गई। इमरजेंसी लाइट में पुलिस ने करीब पांच घटें की कड़ी मशक्कत के बाद बालिका का अर्धनग्न हालत में शव बरामद किया। बालिका का चेहरा कपड़े से ढंका हुआ था।

पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह ने बताया आरोपित बैतूल जिले के बीजादेही थाना क्षेत्र का रहने वाला है। केसला थाना क्षेत्र के एक गांव में उसकी ससुराल है। दो दिन पहले वह यहां आया था। आरोपित की शादी डेढ़ साल पहले ही हुई थी। उन्होंने बताया कि शनिवार को सुबह बालिका का शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लाया गया और यहां पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने आरोपित फूफा को गिरफ्तार कर लिया है और फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

Top