You are here
Home > Politics > मेरी 15 महीने की सरकार ने बदली प्रदेश की छवि, किसानों के कर्ज माफ किए, बिजली सस्ती की – पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ

मेरी 15 महीने की सरकार ने बदली प्रदेश की छवि, किसानों के कर्ज माफ किए, बिजली सस्ती की – पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ

मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ बुधवार को मंदसौर जिले के दौरे पर थे। वहां उन्होंने सुवासरा विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी राकेश पाटीदार के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान कमलनाथ ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। बीजेपी पर सरकारी तंत्र के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बीजेपी के पंद्रह साल के कार्यकाल में प्रदेश में भ्रष्टाचार, मिलावट, महिला अत्याचार का बोलबाला रहा।प्रदेश के किसान, महिला, युवा परेशान रहे।

कांग्रेस सरकार ने 26 लाख किसानों कर्जा माफ किया

कांग्रेस नेता ने कहा कि 15 महीने के कार्यकाल में उनकी सरकार ने  प्रदेश की छवि बदलने का काम किया। सरकार ने किसानों का कर्ज माफ किया। पिछडा वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण दिया गया। कांग्रेस ने बिजली का बिल 100 रूपये में 100 यूनिट कर दिया। कांग्रेस सरकार ने किसानों का 26 लाख किसानों कर्जा माफ किया। गौशालाएं बनवाई। दो लाख तक के सभी किसानों का कर्जा माफ किया। बीजेपी ने भी विधानसभा में माना है कि प्रदेश के किसानों का कर्ज कांग्रेस सरकार ने माफ किया है। कांग्रेस सरकार ने प्रदेश में शुद्ध के लिए युद्ध अभियान चलाया।प्रदेश को माफिया मुक्त बनाने का काम किया।

बीजेपी ने नोटों से हासिल की है सत्ता

कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस ने वोटों से सरकार बनाई थी। लेकिन बीजेपी ने नेताओं की खरीद फरोख्त करके नोटों से सरकार बनाई है। संविधान के खिलाफ जाकर उपचुनाव की स्थिति निर्मित की है। यह चुनाव जनता पर जबरन थोपा गया है।

बीजेपी पर ध्यान भटकाने की राजनीति का आरोप

कमलनाथ ने बीजेपी पर ध्यान भटकाने की राजनीति का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चाहे वे प्रधानमंत्री हो या प्रदेश के मुख्यमंत्री वादे करने में बहुत उस्ताद हैं। बीजेपी ने दो करोड़ लोगों को रोजगार देने का वादा किया था। कांग्रेस नेता ने सवाल किया कि कहां है रोजगार। देश और प्रदेश में बेरोजगारों की संख्या लगातार बढ़ रही है। देश के प्रधानमंत्री चुनाव में पकिस्तान को याद करते हैं। चीन को याद करते हैं। लेकिन देश के किसान और नौजवान की बात कभी नहीं करते।

कांग्रेस घोषणाओं की राजनीति नहीं करती

कमलनाथ ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री शिवराज चौहान केवल घोषणा करते हैं, उन पर अमल नहीं किया जाता है। कामलनाथ ने चुटकी लेते हुए कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह दोनों जेबों में नारियल लेकर घूमते हैं, जहां मौका मिला घोषणा कर दी। बीजेपी केवल दिखावे और शोबाजी का काम करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी घोषणाओं की राजनीति में यकीन नहीं करती, काम करने में यकीन करती है।

सर्वे पर नहीं काम पर यकीन करता हूं

कांग्रेस नेता ने बीजेपी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार कृषि बिल लाई है। यह बिल किसान विरोधी है। इससे किसानों को फायदा नहीं, नुकसान होगा। किसानों की मंडियां खत्म की जा रही हैं। कमलनाथ ने कहा कि वे काम पर विश्वास करते हैं घोषणाओं पर नहीं।  

गौरतलब है कि मध्यप्रदेश में उपचुनाव की तारीखों का एलान हो गया है, प्रदेश की 28 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना है। जिसमें मंदसौर की सुवासरा सीट भी शामिल है। यह सीट कांग्रेस विधायक हरदीप सिंह डंग के इस्तीफे के बाद बीजेपी में शामिल होने से खाली हुई है। कांग्रेस ने सुवासरा से राकेश पाटीदार को प्रत्याशी घोषित किया है।

कमलनाथ की सभा में पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह,पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन,विधायक मनोज चावला, विधायक महेश परमार भी मौजूद थे। सुवासरा की सभा में हजारों की सख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे। कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक था।  

Leave a Reply

Top