You are here
Home > Politics > कांग्रेस सरकार बनाने में पंचायत प्रतिनिधियों की होगी<br>महत्वपूर्ण भूमिका : कमलनाथ

कांग्रेस सरकार बनाने में पंचायत प्रतिनिधियों की होगी
महत्वपूर्ण भूमिका : कमलनाथ

भोपाल। मुझे ज्ञात है कि किन परिस्थितियों से गुजर कर आपने जीत हासिल की, आज भाजपा राज में आप किन परिस्थितियों से मुकाबला कर रहे हैं। पैसा, पुलिस प्रशासन के आधार पर दबाव की राजनीति की गई थी और आज भी की जा रही है, बड़े दुख की बात है कि भारतीय जनता पार्टी के पास कोई उपाय नहीं था, किस प्रकार मानमानी की गई और आप पर सरकार का दबाव बनाया गया, आज भारतीय जनता पार्टी के पास इसके अलावा कुछ नहीं है, आपके साथ अन्याय हुआ है। शासकीय कर्मचारी और अधिकारियों द्वारा चुनाव में की गई मनमानियों का हम भी जवाब देंगे, हमारी भी चक्की चलेगी और आप जानते है कि हमारी चक्की बहुत बारीक पीसती है। आप सभी निचले स्तर से जनता से जुड़े हुए हैं, महात्मा गांधी जी का सपना था समान ग्राम स्वराज्य की स्थापना हो, राजीव गांधी जी ने संविधान संशोधन कर पंचायती राज की शुरुआत की ओर सरपंचों को अधिकार दिए। कांग्रेस की सरकार बनाने में पंचायत प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी और कांग्रेस की सरकार बनते ही पंचायत प्रतिनिधियों को उनके प्रशासनिक अधिकार प्रदान किये जायेंगे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने आज प्रदेश भर से आये कांग्रेस के जिला पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सदस्य एवं पूर्व अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सदस्य जनपद पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सदस्य एवं पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सदस्य तथा कांग्रेस विचारधारा के सरपंच प्रतिनिधियों के पंचायती राज सम्मेलन को संबोधित करते हुये यह बात कही।


श्री नाथ ने कहा कि 15 साल बाद हमारी सरकार बनी थी, 15 महीने चली। हमने हमारी सरकार में एकता का परिचय दिया। भाजपा ने हमंे ऐसी सरकार दी थी, जो महिलाओं पर अत्याचार में, किसानों की आत्महत्या में, बेरोजगारी में नंबर वन थी। हमने शुरुआत की थी कि कृषि क्षेत्र में क्रांति आए, किसानों के लिए खाद बीज की व्यवस्था हो, उन्हें उचित मूल्य मिले। किसानों का दो लाख रू. तक का कर्जा माफ करने का कार्य हमने किया। श्री नाथ ने कहा कि हमारी कोशिश रही कि मध्यप्रदेश को एक नई पहचान मिले, इसके लिए हमने शुद्ध के लिये युद्ध शुरू किया, माफियाओं के खिलाफ युद्ध शुरू किया, मध्य प्रदेश की पहचान एक विश्वास की है, जिससे निवेश आता है, वह पहचान जिसकी आज प्रदेश को बहुत बड़ी आवश्यकता है। श्री नाथ ने कहा कि बीते 18 साल में शिवराज सिंह ने 20 हजार से अधिक घोषणाएं की है, लेकिन काम कुछ कहीं नहीं किया। वे इंवेट, अभिनय दिखावे की राजनीति कर जनता को भ्रमित करने में माहिर हैं।


श्री नाथ ने कहा कि श्री राहुल गांधी जी कन्याकुमारी से कश्मीर तक पैदल चल कर भारत जोड़ों यात्रा कर रहे हैं, यात्रा में कितना जोश और उत्साह है, यह यात्रा हमारे देश को जोड़ने की संस्कृति की रक्षा करने के उद्देश्य से की जा रही है। आज हमारी संस्कृति पर खतरा बना है, आपको तय करना है कि आप सभी जमीनी स्तर से कार्य करें और भाजपा सरकार की पोल खोंले। हमें 2023 में कांग्रेस की सरकार बनाना है। क्योंकि आज आवश्यकता है, नौजवानों का भविष्य अंधेरे में न रहें, महिलाओं को सम्मान और सुरक्षा मिले, किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिले और प्रदेश की एक अलग नई तस्वीर बने।
अभा कांग्रेस के मप्र के प्रभारी जे.पी. अग्रवाल ने कहा कि आप लोग बहुत कठिन परिस्थिति में जीत कर आए हैं, और हमें आप लोगों की बहुत जरूरत है, मैं कहना चाहता हूं आज जो यह सम्मेलन हमने बुलाया है, यह सम्मेलन आपको समझने और आपके दिल को छूने के लिए बुलाया। हमें मालूम है कि आप किन परिस्थितियों में यह चुनाव जीत कर आये है। पंचायत के चुनाव में सरपंच चुनाव, जनपद चुनाव तथा उनके वोटों की गिनती को बदला गया, उसके बाद भी आप जीत कर आए। आप सब नीचे स्तर पर हमारी जो सबसे निचली इकाई है ब्लॉक स्तर पर काम करते हैं। आपका सहयोग होगा तो कोई ताकत हमें नहीं रोक सकती और हम भारतीय जनता पार्टी को धूल चटा सकते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी जी आपमें दम है तो राहुल गांधी जी से बड़ी यात्रा करके दिखायें।


मप्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोंविंद सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया और मप्र शासन के पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल ने भी पंचायती राज सम्मेलन को संबोधित किया। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, राज्यसभा सांसद राजमणि पटेल, अभा कांग्रेस के सचिव सहप्रभारीगण संजय कपूर, सी.पी. मित्तल, सुधांशु त्रिपाठी और कुलदीप इंदौरा, प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रामनिवास रावत, सुरेन्द्र चौधरी, उपाध्यक्ष चंद्रप्रभाष शेखर, उपाध्यक्ष प्रकाश जैन, कोषाध्यक्ष अशोक सिंह, महेंद्र जोशी, विभा पटेल, जे.पी. धनोपिया डॉ. महेंद्र सिंह चौहान आदि मंच पर उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री प्रशासन प्रभारी राजीव सिंह ने किया तथा प्रदेश कांग्रेस पंचायती राज पकोष्ठ के अध्यक्ष डी.पी. धाकड़ ने उपस्थित वरिष्ठ कांग्रेसजनों और पंचायत जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

Top