You are here
Home > Nation > भाजपा शासित राज्यों में बढ़े हैं पेपर लीक के मामले : कांग्रेस

भाजपा शासित राज्यों में बढ़े हैं पेपर लीक के मामले : कांग्रेस

नई दिल्ली। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि जिन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार है वहां पेपर लीक के मामले बढ़े हैं।कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि क्या नौजवानों को भाजपा सरकार गंभीरता से नहीं लेती? आखिर क्या कारण है कि भाजपा सरकार पेपर लीक की घटनाओं को रोक पाने में विफल है।

खेड़ा ने कहा कि गुजरात में बीते 27 वर्षों से भाजपा शासन कर रही है। यहां 22 मामले पेपर लीक के आ चुके हैं। इन घटनाओं के लिए भाजपा किसको दोषी मानती है। इस बात का उन्हें जवाब देना चाहिए। खेड़ा ने कहा कि आज गुजरात में कॉलेजों व सरकारी नौकरियों सहित स्कूलों के भी पेपर लीक हो रहे हैं और परीक्षाएं टल रही हैं। इसके लिए सिर्फ भाजपा सरकार जिम्मेदार है। इन्हें पेपर लीक के मुद्दों को गंभीरता से लेनी चाहिए और ऐसी घटनाएं फिर से न हों यह सुनिश्चित करनी चाहिए।

Top