You are here
Home > Nation > उज्जैन: राहुल गांधी ने बच्चों के साथ किया डांस, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

उज्जैन: राहुल गांधी ने बच्चों के साथ किया डांस, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

उज्जैन। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा मध्य प्रदेश में अपने सातवें दिन मंगलवार को सुबह 6 बजे इंदौर जिले के सांवेर से शुरू होकर उज्जैन के पास ग्राम निनोरा पहुंची। यात्रा में शामिल नेताओं ने यथार्थ फ्यूचरस्टिक एकेडमी में विश्राम के दौरान टी ब्रेक लिया। यहां राहुल गांधी और अन्य नेताओं ने स्कूली छात्रों के साथ जमकर डांस किया। राहुल गांधी ने करीब 30 मिनट तक बच्चों के साथ बातचीत भी की। राहुल गांधी ने बच्चों के भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करते हुए उन्हें बेहतर ढंग से आगे बढ़ने की सलाह भी दी और बच्चों का मनोबल भी बढ़ाया। राहुल गांधी के इस डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को मध्य प्रदेश में अच्छा समर्थन मिल रहा है, जिससे राहुल गांधी समेत कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में खासा उत्साह है। राहुल गांधी भी अपनी यात्रा का आकर्षण बनाए रखने के लिए लगातार नए कलेवर के साथ जनता के बीच पहुंचने के प्रयास कर रहे हैं। राहुल गांधी के साथ पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता यात्रा में शामिल हैं। यात्रा मंगलवार सुबह करीब 9 बजे यात्रा ग्राम निरोरा पहुंची। यहां राहुल गांधी का स्वागत भारतीय और हिंदू संस्कृति के तौर तरीकों से किया गया। राहुल गांधी ने श्रीराम कॉन्वेंट हायर सेकंडरी स्कूल खरसौद खुर्द बड़नगर के बच्चों के साथ चाय-नाश्ता किया। यात्रा यहां यथार्थ फ्यूचरस्टिक एकेडमी में विश्राम के लिए रुकी है।

तय कार्यक्रम के अनुसार विश्राम के बाद यात्रा दोपहर को फिर जैन तीर्थ तपोभूमि के लिए बढ़ेगी। यात्रा को देखते हुए इंदौर रोड पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। ट्रैफिक को देवास रोड की ओर डायवर्ट किया गया है। राहुल गांधी के स्वागत के लिए सड़क के दोनों ओर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा रहा है। राहुल गांधी तपोभूमि पहुंचेंगे और यहां भगवान महावीर के दर्शन करने के बाद आचार्य प्रज्ञा सागरजी महाराज से मिलेंगे। यहां जैन समाज उनका नागरिक अभिनंदन करेगा। इसके पश्चात राहुल गांधी तपोभूमि परिसर में बने कीर्ति स्तंभ का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद यात्रा शाम चार बजे उज्जैन पहुंचेंगी। यहां राहुल गांधी भगवान महाकाल के दर्शन और पूजन करेंगे और उसके बाद वहां एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

Top