You are here
Home > MP > MP में बारिश 24 घंटे में 7 जिलों में रेड अलर्ट, इंदौर-भोपाल में आधा इंच बारिश

MP में बारिश 24 घंटे में 7 जिलों में रेड अलर्ट, इंदौर-भोपाल में आधा इंच बारिश

भोपाल- बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव ने मध्यप्रदेश में असर दिखाया है। लगातार बारिश से होशंगाबाद में नर्मदा का जलस्तर करीब साढ़े तीन फीट बढ़ गया है। इटारसी का तवा, जबलपुर का बरगी, भोपाल के कलियासोत और केरवा डैम तेजी से भर रहे हैं। सबसे ज्यादा रतलाम में 5 इंच तक पानी गिरा। यहां 48 घंटों में करीब 10 इंच बारिश हुई। भोपाल और इंदौर में 24 घंटों में आधा-आधा इंच बारिश हो चुकी है।

पूरे प्रदेश में 24 घंटों में करीब एक इंच औसत पानी गिरा है। प्रदेश में अब तक कुल 15 इंच बारिश हुई है, जो सामान्य है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में इंदौर और भोपाल में रिमझिम जारी रहेगी। ग्वालियर-चंबल समेत समेत 7 जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है।

यह नया सिस्टम बन रहा
मौसम विभाग के अनुसार अभी एक निम्न दाब क्षेत्र मध्यप्रदेश के उत्तर-मध्य क्षेत्र में समुद्र तल से करीब 5.8 किमी की ऊंचाई तक फैली चक्रवातीय एक्टिविटी है। दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान में अन्य चक्रवातीय एक्टिविटी है। पूर्व-पश्चिम ट्रफ गुजर रही है। मानसून ट्रफ बीकानेर, अजमेर से होते हुए निम्न दाब क्षेत्र से आगे डाल्टनगंज और जमशेदपुर से लेकर त्रिपुरा तक फैली है। वहीं, अपतटीय ट्रफ कर्नाटक तट से केरल तट तक सक्रिय है। 28 जुलाई के आसपास उत्तरी बंगाल की खाड़ी में अन्य निम्न दाब क्षेत्र विकसित होने की संभावना बनी हुई है। इसी कारण अब इस सप्ताह बारिश लगातार होने की संभावना बढ़ गई है।

यहां रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने ग्वालियर, चंबल, आगर, नीमच, मंदसौर और टीकमगढ़ संभागों में कहीं-कहीं अगले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा इंदौर, भोपाल, होशंगाबाद, उज्जैन, सागर और रीवा में रिमझिम बारिश होने की संभावना है।

MP के सबसे ज्यादा बारिश वाले शहर

बीते चौबीस घंटों के दौरान रतलाम में 5 इंच, शाजापुर में 4 इंच, पचमढ़ी, खंडवा और उज्जैन में 2-2 इंच, खरगोन, नौगांव, भोपाल, सागर, धार में करीब एक-एक इंच बारिश हो चुकी है। इधर, होशंगाबाद, इंदौर, ग्वालियर, गुना, जबलपुर, सीधी, टीकमगढ़, उमरिया, रायसेन और खजुराहो में करीब आधा-आधा इंच तक पानी गिर चुका है।

कहीं बारिश तो कहीं धूप
भोेपाल में सुबह से ही बारिश हो रही है। इसके अलावा छिंदवाड़ा में सुबह से बादल छाए हुए है रुक-रुककर बारिश हो रही है। भिंड में बादल छाए है। उमस व गर्मी बनी है। गुना में सुबह से रिमझिम बारिश जारी है। होशंगाबाद में सुबह से बादल छाए हुए है। बारिश का मौसम बना है। नर्मदा नदी में लगातार जलस्तर बढ़ रहा है। मुरैना और ग्वालियर में मौसम साफ है धूप खिली हुई है। सुबह से तेज धूप है। उमस से लोगों का बुरा हाल है।

प्रदेश के डैमों की यह स्थिति

तवा डैम, होशंगाबाद- 4.70 फीट जलस्तर बढ़ा है। डैम की क्षमता 1166 फीट है। वर्तमान में जलस्तर 1143.90 फीट है।

बरगी डैम, जबलपुर- 24 घंटे में बरगी डैम का जलस्तर 3 फीट तक बढ़ गया है। डैम की क्षमता 1387 फीट है, अभी 1363 फीट भर गया है।

कोलार डैम, भोपाल : बारिश से डैम में 2 फीट पानी आ चुका है। 19 जुलाई तक डैम में 1480 फीट पानी था, जो 26 जुलाई की सुबह 1482 फीट पर आ गया। डैम प्रभारी हर्षा जेनवाल ने बताया कि कैचमेंट एरिया में अच्छी बारिश हो रही है। इससे लेवल में बढ़ोतरी हो गई है। बता दें, कोलार डैम से भोपाल के करीब 50% हिस्से में जलप्रदाय किया जाता है।

केरवा डैम, भोपाल : इसका लेवल 5 फीट तक बढ़ा है। 3-4 दिन की बारिश में यह कमाल हुआ है। बारिश से पहले लेवल 1651 फीट था, जो सोमवार सुबह 8 बजे तक 1656 फीट हो गया। इस डैम से भी शहर में जलप्रदाय किया जाता है।

कलियासोत डैम, भोपाल : डैम का कुल लेवल 1659 फीट है। वर्तमान में 1645 फीट पानी भरा है। 1 फीट की बढ़ोतरी हुई है।

बारना डैम, रायसेन – मामूली बढ़ोतरी हुई है। इसकी क्षमता 1143.53 फीट है। अभी जलस्तर 1127 फीट है।

नर्मदा में 24 घंटे में साढ़े 3 फीट पानी बढ़ा
होशंगाबाद के सेठानी घाट पर नर्मदा नदी के जलस्तर में साढ़े तीन फीट की बढ़ोतरी 24 घंटे में हुई है। यहां पर नर्मदा नदी खतरे के निशान ( 967 फीट) से 28 फीट कम है। यहां बता दें कि 964 फीट के लेवल पर खतरे का अलॉर्म बजा दिया जाता है। बारना, तवा और बरगी डैमों के गेट एक साथ खोले जाने पर नर्मदा खतरे के निशान पर पहुंच जाती है।

ग्वालियर में उमस
प्रदेश में मौसम के दो रंग देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ प्रदेश के करीब 75% से ज्यादा हिस्से में बारिश हो रही है। वहीं, ग्वालियर चंबल संभाग अभी भी एक्टिव मानसून के लिए तरस रहा है। सोमवार को यहां बादल साफ रहा। हल्के बादल जरूर छाए रहे। लोग उमस से परेशान हो रहे हैं।

Leave a Reply

Top