You are here
Home > weather > प्रदेश में शुक्रवार रात भोपाल, इंदौर समेत 17 जगहों पर बारिश की बौछारें गिरीं

प्रदेश में शुक्रवार रात भोपाल, इंदौर समेत 17 जगहों पर बारिश की बौछारें गिरीं

पश्चिमी विक्षोभ के कारण मध्य प्रदेश में शुक्रवार रात भोपाल और इंदौर समेत 17 जगहों पर बारिश की बौछारें पड़ी। अभी रविवार दोपहर तक इसी तरह मौसम बना रहेगा। बारिश और बादल छाने से जहां दिन का तापमान गिरेगा, वहीं रात के पारे में बढ़ोतरी होगी। मौसम विभाग के अनुसार रविवार दोपहर बाद बादल छटने की उम्मीद है। ऐसे में फिर ठंड जोर पकड़ेगी। हालांकि अभी अगले 24 घंटे तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा।

अगले 24 घंटे यहां होगी हल्की बारिश

मौसम विभाग के अनुसार अगले चौबीस घंटों में होशंगाबाद संभाग और सीहोर, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, धार, उज्जैन व देवास जिलों के अलग-अलग इलाकों में बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। ग्वालियर, चंबल, सागर और उज्जैन संभागों तथा भोपाल व राजगढ़ जिलों के अलग-अलग स्थानों पर कल सुबह को मध्यम से भारी कोहरा होने की संभावना है।

प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में दूसरी बार बारिश होने की संभावना है। इस साल की पहली बारिश दो जनवरी से शुरू हुई थी। अब इसका दूसरा दौर शुरू हो गया है। मौसम का यह मिजाज पश्चिमी विक्षोभ के कारण बदला है। बारिश का दौर लंबे समय तक नहीं चलेगा। रविवार दोपहर बाद बादल हटने की उम्मीद है। उसके बाद सर्दी बढ़ेगी।

दिन और रात के तापमान में अंतर

प्रदेश में बारिश के कारण दिन और रात के तापमान में काफी अंतर है। भोपाल और होशंगाबाद में रात का पारा सबसे ज्यादा चढ़ा। भोपाल में रात का तापमान सामान्य से 8.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। यहां यह 19.2 डिग्री पर आ गया, जबकि होशंगाबाद में 21 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान ग्वालियर में 12.6 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश भर में रात का पारा 12 से लेकर 21 के बीच रहा। कोहरे के कारण ग्वालियर, उज्जैन और खजुराहो में दृश्यता 500 मीटर रही।

Leave a Reply

Top