You are here
Home > MP > मप्र के हर क्षेत्र में देखा जा सकेगा सूर्य ग्रहण, शाम 4.26 बजे होगी शुरुआत

मप्र के हर क्षेत्र में देखा जा सकेगा सूर्य ग्रहण, शाम 4.26 बजे होगी शुरुआत

भोपाल। कार्तिक मास की अमावस्या पर मंगलवार को सूर्य ग्रहण लगने वाला है। इसके चलते देशभर में दीपावली का पर्व एक दिन पहले ही मना लिया गया। यह साल का अंतिम सूर्य ग्रहण है, जो मध्य प्रदेश के हर क्षेत्र से देखा जा सकेगा। प्रदेश में इसकी शुरुआत शाम 4:26 बजे से होगी और यह सूर्यास्त के बाद समाप्त होगा।

राष्ट्रीय अवार्ड प्राप्त विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने बताया कि प्रदेश में ग्रहण शुरुआत में तो नजर आएगा, लेकिन सूर्यास्त होने के कारण पूरा नजारा नहीं दिखेगा। अगर इस बार यह घटना देखने से चूक जाते हैं, तो फिर पांच साल का इंतजार करना पड़ेगा। भारत में अगला सूर्य ग्रहण करीब 5 साल बाद यानी 2 अगस्त 2027 में नजर आएगा। वह पूर्ण सूर्य ग्रहण होगा। देश के सभी हिस्सों से वह आंशिक सूर्य ग्रहण के रूप में नजर आएगा।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के पूर्वी हिस्से में मंगलवार को शाम 4.26 बजे सूर्य ग्रहण शुरू होगा। चांद 5.38 बजे तक सूरज के करीब 32 फीसदी हिस्से को ढंक लेगा। इसे प्रदेश के किसी भी जिले, गांव, कस्बे में देखा जा सकता है। हालांकि, राज्य में सूर्यग्रहण आंशिक रूप से ही दिखाई देगा।

काल गणना की नगरी उज्जैन में इस आंशिक सूर्य ग्रहण का आरंभ शाम 4 बजकर 41 मिनट पर होगा, जो शाम 5 बजकर 38 मिनट पर अपने सर्वोधा स्तर पर होगा। उज्जैन में सूर्यास्त के चलते शाम 5 बजकर 53 मिनट के बाद सूर्य ग्रहण नहीं दिखाई देगा। वहीं, प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में शाम 4 बजकर 42 मिनट पर ग्रहण शुरू होगा, जो शाम 5 बजकर 53 मिनट पर खत्म होगा। 5 बजकर 38 मिनट पर यहां सूर्य ग्रहण सर्वोधा स्तर पर होगा। राजधानी भोपाल में यह शाम 4.42 बजे शुरू होगा। शाम 5.38 बजे तक नजर आएगा। ग्रहण का अंत प्रदेश भर में कहीं भी दिखाई नहीं देगा, क्योंकि वह सूर्यास्त के उपरांत भी जारी रहेगा।

Top