You are here
Home > Health > प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को किया गया पुरस्कृत

प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को किया गया पुरस्कृत

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश स्वास्थ्य के क्षेत्र में हमेशा प्रथम रहे, इसके लिए निरंतर प्रयास किए जाएँ। भारत सरकार द्वारा मध्यप्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को पुरस्कृत करने की उपलब्धि के साथ आवश्यक है कि इस दिशा में निरंतर उत्कृष्ट कार्य होता रहे। मध्यप्रदेश में नागरिकों को अच्छी सेवाएँ देने वाली स्वास्थ्य संस्थाओं को पुरस्कृत करने की योजना अमल में लाई गई है। चिकित्सक ही पीड़ित मानवता की सबसे बड़ी सेवा करते हैं। कोरोना काल में चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ ने लोगों की अद्भुत सेवा की है। यह समाज का महत्वपूर्ण वर्ग है। श्रेष्ठ कार्य करने वाले चिकित्सक और अन्य कर्मचारी भविष्य में भी पुरस्कृत किए जाएंगे। उन्होंने पुरस्कृत स्वास्थ्य संस्थाओं को बधाई देते हुए इसी भावना से कार्य करने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री चौहान सोमवार को भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागृह में स्वास्थ्य विभाग के संपूर्ण कायाकल्प अभियान के शुभारंभ और कायाकल्प पुरस्कार वितरण समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने सम्पूर्ण कायाकल्प अभियान में आज 66 करोड़ रुपये की राशि प्रदेश की स्वास्थ्य संस्थाओं के प्रभारियों के खातों में ट्रांसफर की। इस राशि से स्वास्थ्य संस्थाओं के बेहतर रख-रखाव और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप अन्य आवश्यक कार्य करवाए जा सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने सम्पूर्ण कायाकल्प अभियान में भारत सरकार द्वारा हाल ही में स्वास्थ्य विभाग को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने पर प्रदत्त रनर अप अवार्ड एसीएस स्वास्थ्य मोहम्मद सुलेमान और आयुक्त स्वास्थ्य डॉ. सुदाम खाडे़ को सौंपा।

सामग्री खरीद में बचत सराहनीय

मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्पतालों का कायाकल्प करने की योजना जनता के लिए उपयोगी होगी। कार्य पद्धति में बदलाव की शुरुआत हो चुकी है। नवीन प्रणाली के संचालन के फलस्वरूप सामग्री की खरीदी में 37 करोड़ रुपये से अधिक की बचत हुई है। यह सुशासन और स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रभावी सुधार की इच्छा शक्ति का प्रतीक है। श्रेष्ठ करने की चाह अच्छे परिणाम ही दिलवाती है।

उन्होंने कहा कि अस्पतालों में हेल्प डेस्क का संचालन भी किया जाए। चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ रोगियों और उनके परिजन से अधिक प्रेम से पेश आएँ। कोविड वैक्सीनेशन में भी संतोषजनक सेवाएँ दी गई हैं। जनता को स्वास्थ्य का सुरक्षा चक्र देने में इस अमले का महत्वपूर्ण योगदान है। आयुष्मान भारत योजना के बेहतर क्रियान्वयन और टेली-मेडिसिन सेवाओं के प्रदाय को भी विस्तार दिया जा रहा है। जन-भागीदारी से अच्छे परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने विभाग द्वारा प्रकाशित पुस्तिका का विमोचन किया। एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।

विदिशा जिला अस्पताल को प्रथम पुरस्कार

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं के श्रेष्ठ संचालन के लिए कायाकल्प अवार्ड प्रदान किए, उनमें विदिशा जिला अस्पताल को 50 लाख रुपये का प्रथम पुरस्कार, जिला अस्पताल देवास को 20 लाख रुपये का द्वितीय पुरस्कार और जिला अस्पताल सतना को 10 लाख रुपये का तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्यक्रम में अन्य स्वास्थ्य संस्थाएँ भी पुरस्कृत की गईं। अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने कहा कि कायाकल्प अभियान की शुरूआत वर्ष 2015 में की गई थी। पहले 65 स्वास्थ्य संस्थाएँ पुरस्कृत हुई थीं। तब से लेकर लगातार प्रदेश की स्वास्थ्य संस्थाओं ने कायाकल्प अवार्ड लेने में वृद्धि की है। वर्ष 2021-22 में प्रदेश की 395 स्वास्थ्य संस्थाओं को कायाकल्प अवार्ड दिया जा रहा है। शासकीय अस्पतालों को अधिक सुविधा सम्पन्न बनाने के लिये सम्पूर्ण कायाकल्प अभियान शुरू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चौहान के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना के दौरान उत्कृष्ट सेवाएँ दीं। कोरोना टीकाकरण में भी स्वास्थ्य विभाग ने उल्लेखनीय कार्य किया। एक दिन में 30 लाख वैक्सीन डोज लगाने का रिकार्ड बनाया गया। उन्होंने कायाकल्प अवार्ड प्राप्त करने वाली संस्थाओं के चिकित्सकों और स्टाफ को बधाई दी और आशा व्यक्त की कि अगले वर्ष जो शेष रह गये हैं वह भी अवार्ड प्राप्त करेंगे।

अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य ने सम्पूर्ण कायाकल्प अभियान पर दिया प्रजेंटेशन

प्रजेंटेशन में अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य मोहम्मद सुलेमान ने बताया कि सम्पूर्ण कायाकल्प अभियान में स्वास्थ्य विभाग जन-भागीदारी से स्वास्थ्य संस्थाओं का कायाकल्प कर उनको अधिक जन उपयोगी बनाने का प्रयास कर रहा है। सम्पूर्ण कायाकल्प अभियान में अधो-संरचना का विकास एवं भवन रख-रखाव, चिकित्सा उपकरण एवं फर्नीचर की उपलब्धता, संस्थाओं में जाँच, सेवाओं एवं दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता, डायलिसिस एवं कैंसर की नई उपचार सेवाओं का विकास, ब्लड बैंक एवं ब्लड स्टोरेज का सुदृढ़ीकरण, विशेषज्ञों की कमी को दूर करने के लिये टेलीमेडिसिन सेवाओं का विस्तार, रोगियों के लिये हितग्राही मूलक सेवाओं का विकास और स्वास्थ्य सेवाओं में जन-भागीदारी को बढ़ावा देना शामिल है। स्वास्थ्य संस्थाओं में रोगियों के लिए बुनियादी अधो-संरचनात्मक विकास के कार्य होंगे। सम्पूर्ण कायाकल्प अभियान के लिए अलग- अलग मदों में आवश्यक धनराशि की व्यवस्था की गई है।

कार्यक्रम में ईडीएल पुस्तिका और मुस्कान गाइड का विमोचन भी किया गया। कायाकल्प अवार्ड प्राप्त करने वाली संस्थाओं को अवार्ड और प्रशस्ति-पत्र भेंट किये गये। स्वास्थ्य आयुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने आभार माना।

Leave a Reply

Top