You are here
Home > corona > कोरोना का पीक आए 30 दिन हुए, तब 98 हजार केस आए थे, अब आंकड़ा 60 हजार हुआ; अब तक 73.72 लाख केस

कोरोना का पीक आए 30 दिन हुए, तब 98 हजार केस आए थे, अब आंकड़ा 60 हजार हुआ; अब तक 73.72 लाख केस

देश में कोरोना कमजोर हुआ है। केस कम आ रहे हैं और ज्यादा मरीज ठीक हो रहे हैं। बीते एक महीने में रोजाना के केस में करीब 30% की कमी आई है। 16 सितंबर को नए केस का पीक आया था। उस दिन 97 हजार 860 केस आए थे। अब यह आंकड़ा बीते पांच दिन से 70 हजार से नीचे है। गुरुवार को 60 हजार 419 लोग संक्रमित पाए गए। 68 हजार 202 लोग रिकवर हुए और 835 मरीजों की मौत हो गई।

देश में अब तक 73 लाख 65 हजार 509 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। इनमें 8 लाख 3 हजार 524 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 64 लाख 48 हजार 658 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते अब तक 1 लाख 12 हजार 146 मरीजों की मौत हो चुकी है। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।

पीएम मोदी ने टेस्टिंग बढ़ाने का आदेश दिया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी राज्यों से टेस्टिंग और सीरो सर्वे बढ़ाने को कहा है। उन्होंने गुरुवार को पीएमओ में बुलाई गई अहम बैठक में यह बात कही। पीएम ने वैक्सीन बना रही कंपनियों को सरकार की तरफ से हर संभव मदद देने का भरोसा दिया। साथ ही कहा कि कम कीमत पर टेस्टिंग की सुविधाएं सभी को मुहैया होनी चाहिए।

बैठक में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, नीति आयोग के चेयरमैन, प्रमुख वैज्ञानिक सलाहकार, वैक्सीन पर काम कर रहे वरिष्ठ वैज्ञानिक और कुछ अफसर मौजूद रहे।

संस्कृति मंत्रालय ने जारी की एसओपी

मिनिस्ट्री ऑफ कल्चर ने देशभर में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) जारी कर दी है। इसमें कहा गया है कि कंटेनमेंट जोन में कोई भी सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं होगा। इवेंट हॉल में हो रहा है तो उसमें बैठने की क्षमता से 50% लोग ही शामिल हो सकेंगे। अधिकतम 200 लोगों को शामिल होने की छूट दी जाएगी।

इवेंट में इन नियमों का भी करना होगा पालन

  • एक-दूसरे के बीच कम से कम छह फीट की दूरी रखनी होगी।
  • एंट्री गेट पर सभी का टेम्परेचर चेक किया जाएगा। जिनमें संक्रमण के लक्षण नहीं हैं उन्हें एंट्री नहीं दी जाएगी।
  • सार्वजनिक जगहों पर थूकने पर पाबंदी होगी। हाई रिस्क वालों को एंट्री नहीं मिलेगी।
  • सभी को फेस मास्क पहने रहना होगा।
  • आर्गेनाइजिंग टीम, क्रू मेंबर्स, आर्टिस्ट्स सभी को शो के सात दिन पहले कोरोना टेस्ट कराना होगा। निगेटिव रिपोर्ट आने पर ही अनुमति मिलेगी।
  • सभी आर्टिस्ट्स को कोशिश करनी होगी कि वह अपने घर से ही कॉस्ट्यूम पहनकर आएं। जरूरत पड़ने ही पर ग्रीन रूम का इस्तेमाल करें।
  • इवेंट से पहले स्टेज और पूरे कैम्पस को सैनिटाइज कराना होगा।
  • इवेंट के दौरान केवल पैक्ड फूड देने की अनुमति होगी।

कोरोना अपडेट्स

  • उद्योग मंत्रालय ने अल्कोहल बेस्ड हैंड सैनिटाइजर के कंटेनर्स और डिसपेंसर पंप के एक्सपोर्ट की छूट दे दी है। कोरोना संकट को देखते हुए पहले इस पर रोक लगाई गई थी।
  • बॉलीवुड सिंगर कुमार सानू कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उनकी पीआर टीम ने उनके ऑफिशियल फेसबुक पेज पर यह जानकारी दी।
  • पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने राज्य के अस्पतालों में फिर से ओपीडी सर्विस और कुछ जरूरी सर्जरी शुरू करने का आदेश दिया है।
  • पंजाब सरकार ने राज्य में 19 अक्टूबर से 9-12वीं क्लास के स्टूडेंट्स के लिए स्कूल खोलने का फैसला किया है। शिक्षा मंत्री विजय इंदर सिंगला ने बताया कि इसके लिए एसओपी तैयार कर ली गई है।

Leave a Reply

Top