You are here
Home > corona > कोविड की रफ़्तार हुई तेज, कोरोना का आंकड़ा पहुंचा 45 हज़ार के पार

कोविड की रफ़्तार हुई तेज, कोरोना का आंकड़ा पहुंचा 45 हज़ार के पार

नई दिल्ली- देश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। पिछले 5 में से 4 दिन 40 हजार से ज्यादा केस आए। गुरुवार को 45,001 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। यह आंकड़ा 7 जुलाई के बाद सबसे ज्यादा है। तब 45,701 मरीज मिले थे। एक दिन में ठीक होने वालों की बात करें, तो गुरुवार को 40,897 संक्रमितों ने कोरोना को मात दी। 465 मरीजों की मौत हो गई।

गुरुवार को सबसे ज्यादा 22,040 मामले केरल में आए। वहीं सबसे ज्यादा 120 मौतें महाराष्ट्र में हुईं। महाराष्ट्र में नए केस में अचानक बढ़ोतरी देखी गई है। यहां 9,026 केस आए। इससे पहले 20 जुलाई को 9,389 मरीज मिले थे। इसके बाद इसमें गिरावट आती गई।

देश में लगे 49 करोड़ वैक्सीन डोज
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, अब तक देश में कुल 49 करोड़ वैक्सीन डोज लगाए जा चुके हैं। गुरुवार को 50.29 लाख वैक्सीन डोज लगाए गए। देश में वैक्सीन ड्राइव के तीसरे चरण के दौरान 18 से 44 साल के 16.92 लोगों को पहला डोज और 1.07 करोड़ लोगों को दूसरा डोज लगाया जा चुका है।

देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में

बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 45,001
बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 40,897
बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 465
अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 3.18 करोड़
अब तक ठीक हुए: 3.10 करोड़
अब तक कुल मौतें: 4.26 लाख
अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 4.08 लाख

8 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 8 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

23 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यहां पाबंदियों के साथ छूट भी है। इनमें छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।

Leave a Reply

Top