You are here
Home > business > फिर दुनिया के दूसरे सबसे रईस बने गौतम अडाणी

फिर दुनिया के दूसरे सबसे रईस बने गौतम अडाणी

नई दिल्ली। भारतीय उद्योगपति गौतम अडाणी एक बार फिर दुनिया के दूसरे सबसे रईस व्यक्ति बन गए हैं। अडाणी की व्यक्तिगत संपत्ति 147.2 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंच गई है। अभी तक सबसे रईस व्यक्तियों की सूची में दूसरे स्थान पर रहे बर्नार्ड अरनॉल्ट 138 अरब डॉलर की व्यक्तिगत संपत्ति के साथ चौथे पायदान पर लुढ़क गए हैं।

गौतम अडाणी के बाद सबसे रईस व्यक्तियों की सूची में अमेजॉन के जेफ बेजॉस का नाम है, जो 147 अरब डॉलर की व्यक्तिगत संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।ब्लूमबर्ग बिलेनियरीज इंडेक्स द्वारा आज जारी आंकड़ों के मुताबिक दुनिया के सबसे रईस व्यक्तियों की सूची में अब गौतम अडाणी के आगे सिर्फ टेस्ला के हेड एलन मस्क हैं। एलन मस्क की व्यक्तिगत संपत्ति 264 अरब डॉलर है। इस तरह फिलहाल वे सबसे धनी व्यक्तियों की सूची में दुनिया भर के बाकी सभी रईसों से काफी आगे हैं।दुनिया के सबसे रईस व्यक्तियों की सूची में टॉप 10 में गौतम अडाणी के अलावा रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी का नाम भी शामिल है, जो आज 10वें पायदान पर पहुंचे हुए हैं।

पिछले हफ्ते मुकेश अंबानी इस सूची में 8वें स्थान तक पहुंच गए थे, लेकिन घरेलू शेयर बाजार में कारोबार के दौरान रिलायंस के शेयर प्राइस में आई गिरावट की वजह से वे अपना स्थान बरकरार नहीं रख सके। शेयर प्राइस में आई गिरावट की वजह से सिर्फ एक ही दिन में मुकेश अंबानी की व्यक्तिगत संपत्ति में 2.32 अरब डॉलर की कमी आ गई। इस तरह मुकेश अंबानी 88.7 अरब डॉलर की व्यक्तिगत संपत्ति के साथ टॉप रईसों की सूची में 2 स्थान खिसक कर 10वें स्थान पर पहुंच गए।ब्लूमबर्ग बिलेनियरीज इंडेक्स के आंकड़ों के मुताबिक दुनिया के सबसे रईस व्यक्ति की सूची में टॉप 100 लोगों में गौतम अडाणी और मुकेश अंबानी के अलावा अन्य भारतीयों में अजीम प्रेमजी 25.1 अरब डॉलर की व्यक्तिगत संपत्ति के साथ 47वें स्थान पर, 22.3 अरब डॉलर की व्यक्तिगत संपत्ति के साथ शिव नाडार 54वें स्थान पर, 21.7 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ राधाकिशन दमानी 55वें स्थान पर और 15.6 अरब डॉलर की व्यक्तिगत संपत्ति के साथ लक्ष्मी मित्तल 99वें स्थान पर मौजूद हैं।

इसके अलावा सबसे रईस व्यक्तियों की सूची में टॉप 200 में शामिल भारतीयों में 107वें स्थान पर दिलीप सांघवी (14.1 अरब डॉलर), 115वें स्थान पर सावित्री जिंदल (13.4 अरब डॉलर), 141वें स्थान पर सुनील मित्तल (12.4 अरब डॉलर) 142वें स्थान पर साइरस पूनावाला (12.2 अरब डॉलर) और 157वें स्थान पर के बिड़ला (11.3 अरब डॉलर) के नाम शामिल हैं।

Top