You are here
Home > corona > इस बार नई गाइडलाइन नहीं, 30 नवंबर तक अनलॉक-5 ही लागू रहेगा; देश में मामले 80 लाख के करीब

इस बार नई गाइडलाइन नहीं, 30 नवंबर तक अनलॉक-5 ही लागू रहेगा; देश में मामले 80 लाख के करीब

अक्टूबर का आखिरी हफ्ता चल रहा है और लोगों को अनलॉक की नई गाइडलाइन का इंतजार था। केंद्र ने मंगलवार को स्थिति साफ की और कहा कि 30 सितंबर यानी अनलॉक-5 के लिए जारी की गई गाइडलाइन ही 30 नवंबर तक लागू रहेंगी। गृह मंत्रालय ने कहा कि राज्यों के भीतर और दूसरे राज्यों में आने-जाने पर कोई रोक नहीं रहेगी और ना ही इसके लिए अलग से कोई मंजूरी लेने की जरूरत होगी।

एक्टिव केस में दूसरी सबसे बड़ी गिरावट

देश में कोरोना के एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में तेजी से गिरावट आ रही है। सोमवार को इसमें 28 हजार 132 की कमी आई। यह अब तक की दूसरी सबसे बड़ी गिरावट है। इससे पहले 21 सितंबर को सबसे अधिक 28 हजार 653 एक्टिव केस कम हुए थे।

कुल संक्रमितों की बात करें तो यह आंकड़ा 79 लाख 44 हजार 128 हो गया है। सोमवार को 35 हजार 932 मामले सामने आए। 98 दिन बाद ऐसा है, जब 40 हजार से कम केस रिपोर्ट हुए। इससे पहले 21 जुलाई को 39 हजार 170 लोग संक्रमित पाए गए थे। अच्छी बात यह है कि अब तक 71 लाख 98 हजार 660 लोग ठीक भी हो चुके हैं।

सोमवार को 482 मरीजों की मौत हुई। 113 दिन में दूसरी बार मौत का आंकड़ा 500 से कम रहा। इससे पहले 5 जुलाई को 421 मौतें दर्ज की गई थीं। देश में कोरोना से अब तक 1 लाख 19 हजार 535 मरीजों की मौत हो चुकी है।

टॉप-5 संक्रमित देशों में भारत का रिकवरी रेट सबसे अच्छा

रिकवरी के मामले में भारत दुनिया के पांच सबसे संक्रमित देशों में टॉप पर है। भारत में रिकवरी रेट 90% से ज्यादा है। मतलब हर 100 मरीज में 90 लोग ठीक हो रहे हैं। बेहतर रिकवरी के मामले में ब्राजील दूसरे नंबर पर है। यहां का रिकवरी रेट 89.65% और रूस का 74.84% है। सबसे खराब हालत फ्रांस की है। यहां अब तक 9.69% मरीज ही रिकवर हो पाए हैं।

Leave a Reply

Top